सीकर

Rajasthan: अरुणाचल प्रदेश में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ सीकर का लाल, मां-पत्नी अब भी बेखबर, कल दी जाएगी अंतिम विदाई

अरुणाचल प्रदेश में देश की सीमा पर गश्त के दौरान भूस्खलन की चपेट में आए पाटन क्षेत्र के काचरेडा निवासी भारतीय सेना के ग्रेनेडियर देशराज सिंह तंवर शहीद हो गए। कल उनको अंतिम विदाई दी जाएगी।

less than 1 minute read
Apr 27, 2026
Deshraj Singh Tanwar
शहीद देशराज सिंह तंवर (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

सीकर। अरुणाचल प्रदेश में देश की सीमा पर तैनात राजस्थान के सीकर जिले का एक वीर जवान कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गया। पाटन क्षेत्र के काचरेडा गांव निवासी 24 वर्षीय ग्रेनेडियर देशराज सिंह तंवर 25 अप्रैल को गश्त के दौरान अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आ गए, जिससे उनका निधन हो गया।

देशराज सिंह की पार्थिव देह सोमवार सुबह गुवाहाटी से दिल्ली के लिए रवाना की गई। दिल्ली पहुंचने पर उनकी बटालियन और एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पार्थिव देह को राजस्थान के लिए रवाना किया गया, जिसे कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल में रखा जाएगा। शहीद का अंतिम संस्कार मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव काचरेडा में किया जाएगा।

मां-पत्नी को नहीं दी गई मौत की खबर

भावुक कर देने वाली बात यह है कि शहीद के पिता उदय सिंह समेत परिवार की महिलाओं और बुजुर्गों को अभी तक उनके निधन की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार को यह खबर संभलकर देने की तैयारी की जा रही है। वहीं, शहीद की पत्नी और मां भी इस दुखद घटना से अनजान हैं।

कल निकलेगी तिरंगा यात्रा

शहीद देशराज सिंह के सम्मान में मंगलवार सुबह 8 बजे पाटन से काचरेडा तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई देंगे।

पीछे छोड़ गया मासूम बेटी

देशराज सिंह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई भोजराज सिंह भी भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं, जबकि उनके दादा भगवान सिंह भी सेना से सेवानिवृत्त रहे हैं। देशराज करीब पांच वर्ष पहले सेना में भर्ती हुए थे। अपने पीछे वे एक साल की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं।

Published on:
27 Apr 2026 07:07 pm