सीकर

पीएमश्री स्कूलों में 4,332 पदों पर भर्ती: 18 जून से ऑनलाइन इंटरव्यू, शिक्षकों को गृह जिले में आने का मिलेगा अवसर

PM SHRI School Recruitment: राजस्थान के पीएमश्री स्कूलों में 4 हजार 332 पदों पर भर्ती के लिए 18-19 जून को ऑनलाइन साक्षात्कार होंगे। दस्तावेज सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को लिंक भेजा जाएगा। चयनित शिक्षकों को गृह जिले में नियुक्ति का अवसर मिलेगा और वे अधिकतम पांच वर्ष तक वहां कार्य कर सकेंगे।

2 min read
Jun 16, 2026
PM SHRI School Recruitment
Rajasthan PM SHRI School Teacher Recruitment (Patrika File Photo)

Rajasthan PM SHRI School Teacher Recruitment: सीकर: राजस्थान के हजारों शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। गृह जिले में बैंक डोर एंट्री का जरिया मानी जा रही पीएमश्री स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति ऑनलाइन साक्षात्कार से होगी। चार हजार 332 पदों के लिए साक्षात्कार 18-19 जून को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। इनमें शिक्षकों का चयन विषय के साथ सरकारी योजनाओं के ज्ञान और अनुभव के आधार पर होगा।

बता दें कि 50 अंक के साक्षात्कार के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ जिला, मंडल और राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया है। इससे पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है।

आज ही जमा होंगे दस्तावेज, ऑनलाइन लिंक से साक्षात्कार

निदेशालय ने साफ किया है कि अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक, प्रशिक्षण और अनुभव संबंधी प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संबंधित नियुक्ति अधिकारी को मंगलवार शाम पांच बजे तक विभागीय ई-मेल पर भेजनी होगी। दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन साक्षात्कार के लिए तिथि, समय और लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थी उस लिंक के जरिये ही साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे।

ऐसे होगा 50 अंकों का विभाजन

विभागीय दिशा निर्देशों के अनुसार, 50 अंक के साक्षात्कार में विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी के 20, संबंधित विषय और पद से जुड़े कार्यों के ज्ञान के 20 और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के अनुभव के 10 में से अंक दिए जाएंगे। राज्य स्तरीय पदों के लिए संयुक्त या उपनिदेशक, मंडल स्तरीय पदों के लिए संयुक्त निदेशक और जिला स्तरीय पदों के लिए डीईओ माध्यमिक की अध्यक्षता में तीन तीन सदस्यीय समिति साक्षात्कार लेगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

  • पीएमश्री स्कूलों की शिक्षक भर्ती में प्राचार्य के 99 पद
  • उप प्राचार्य के 267 पद
  • व्याख्याताओं के 1788 पद
  • वरिष्ठ अध्यापक के 1053 पद
  • तृतीय श्रेणी शिक्षक लेवल-1 के 243 और 2 के 255 पद
  • वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक के 67 पद
  • शारीरिक शिक्षा अध्यापक के 23 पद
  • पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-द्वितीय के 75 पद
  • ग्रेड-तृतीय के 72 पद
  • वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक के 139 पद
  • बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 155 पद
  • वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक के 48 पद
  • प्रयोगशाला सहायक के 48 पद

इस तरह होगी शिक्षकों की घर वापसी

शिक्षा विभाग ने प्राचार्य, उपप्राचार्य और प्राध्यापक को प्रदेश व वरिष्ठ अध्यापक, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक, वरिष्ठ पुस्तकालयध्यक्ष, वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक और वरिष्ठ कंपयूटर अनुदेशकों को कार्यरत मंडल के किन्हीं भी दो जिलों में आवेदन की छूट दी थी। इसके चलते हजारों शिक्षकों को अपने गृह जिले में आवेदन का अवसर मिल गया।

अब साक्षात्कार में चयन होने पर वे अपने गृह जिले में आ सकेंगे। हालांकि, सबसे लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे ग्रेड थर्ड शिक्षकों को यहां भी गृह जिले में वापसी का फायदा नहीं मिल सकेगा। क्योंकि नियुक्ति अधिकारी के आधार पर उनके सहित बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक, पुस्तकालय अध्यक्ष ग्रेड थर्ड और प्रयोगशाला सहायकों के लिए उनके कार्यरत जिलों में ही आवेदन की बाध्यता रखी गई थी।

पांच साल के लिए लगेंगे

चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति तीन वर्ष के लिए की जाएगी। आवश्यकतानुसार उसे दो वर्ष तक बढ़ाकर कुल पांच वर्ष तक किया जा सकेगा। ऐसे में एक बार गृह जिले में आने के बाद शिक्षक पांच साल तक वहां रह सकेंगे।

Published on:
16 Jun 2026 09:45 am