सीकर

Rajasthan: सीकर में BJP नेता का अपहरण, दोनों पैर तोड़े, मरने की हालत में छोड़ भागे बदमाश

सीकर जिले में रींगस इलाके के बावड़ी गांव में भाजपा नेता राजेंद्र बाजिया को बदमाशों ने अगवाकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने बाजिया के दोनों पैर तोड़ दिए।

2 min read
May 11, 2026
अस्पताल में इलाज जारी (पत्रिका फोटो)

Sikar Crime News: सीकर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। रींगस थाना इलाके के बावड़ी गांव में रविवार तड़के बदमाशों ने भाजपा नेता राजेंद्र बाजिया को निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल उनका अपहरण किया, बल्कि सुनसान इलाके में ले जाकर धारदार हथियारों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में राजेंद्र बाजिया के दोनों पैर टूट गए हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 3:30 बजे की है। पीड़ित राजेंद्र बाजिया ने बताया कि दो गाड़ियों में सवार होकर आए 8-10 हथियारबंद बदमाश उनके फार्महाउस पर पहुंचे। बदमाशों ने वहां जमकर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद उनके भांजे को एक कमरे में बंद कर दिया। भांजे ने किसी तरह फोन के जरिए घटना की जानकारी राजेंद्र बाजिया को दी।

ये भी पढ़ें

राजस्थान: नाथद्वारा में पेट्रोल पंप लूटने की बड़ी साजिश नाकाम, 2 कुख्यात हिस्ट्रीशीटर समेत 5 गिरफ्तार

सूचना मिलते ही राजेंद्र बाजिया अपने फार्महाउस के लिए रवाना हुए। लेकिन रास्ते में बदमाशों ने उनकी गाड़ी को आगे और पीछे से घेर लिया। बदमाश उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए।

सुनसान इलाके में ले जाकर किया हमला

आरोप है कि बदमाश बाजिया को धीरजपुरा गांव के पास एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया। हमले में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से घायल बाजिया को रींगस कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना को लेकर राजेंद्र बाजिया के भांजे शेर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में विक्की कुड़ी लाखनी, नरेंद्र ऐचरा, और विजेंद्र मील सौथलिया सहित 8 से 10 अन्य लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

राजनीतिक गलियारों में हड़कंप

राजेंद्र बाजिया क्षेत्र के सक्रिय नेता हैं और उनकी पत्नी सावित्री देवी वर्तमान में भाजपा की जिला मंत्री हैं। इस हमले के बाद इलाके के भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस प्रशासन का कहना है, टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस हमले के कारणों और पुरानी रंजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें

जयपुर एयरपोर्ट की पूर्व महिला कर्मचारी निकली ठग, नौकरी का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, बनाए फर्जी आईडी कार्ड
Published on:
11 May 2026 08:15 am
Also Read
View All