सीकर

‘कपड़े सिलवाने जा रही हूं’ कहकर निकली नाबालिग लड़की, फोन पर बात करने वाले रिश्तेदार के साथ लापता; मचा हड़कंप

Sikar News: सीकर जिले के एक गांव से 17 साल की नाबालिग लड़की लापता हो गई है। परिवार ने रिश्तेदारी के एक युवक पर शक जताते हुए मामला दर्ज करवाया है।
2 min read
Apr 05, 2026
Sikar Minor Girl Missing After Leaving for Tailoring Relative Suspected as Both Go Missing
कपड़े सिलवाने का नाम ले नाबालिग रिश्तेदार के साथ गायब (फोटो-एआई)

Sikar Minor Girl Missing: राजस्थान के सीकर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।

बता दें कि परिजनों ने अपने ही एक दूर के रिश्तेदार पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन घटना के बाद से ही गांव में तनाव और चिंता का माहौल है।

सिलाई के बहाने निकली थी घर से

जानकारी के अनुसार, घटना 2 अप्रैल की है। नाबालिग के भाई ने पुलिस थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी छोटी बहन यह कहकर घर से निकली थी कि वह गांव में ही एक महिला के पास कपड़े सिलवाने जा रही है।
घर से निकलते समय परिजनों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह वापस नहीं लौटेगी। जब काफी देर तक लड़की घर नहीं पहुंची, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

सिलाई सेंटर से मिली चौंकाने वाली जानकारी

परिजनों ने सबसे पहले उस महिला के घर जाकर पूछताछ की, जिसके पास नाबालिग कपड़े देने की बात कहकर गई थी। वहां जाने पर पता चला कि लड़की कपड़े देने के तुरंत बाद ही वहां से निकल गई थी। इसके बाद परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों में उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

रिश्तेदार के युवक पर गहराया शक

जांच के दौरान परिवार का शक दूसरे जिले में रहने वाले एक रिश्तेदार के युवक पर गया। भाई ने बताया कि करीब एक महीने पहले ही उन्हें पता चला था कि यह युवक नाबालिग के संपर्क में था और दोनों अक्सर फोन पर लंबी बातें करते थे। उस समय परिवार ने लड़की को टोका भी था और युवक से दूर रहने की हिदायत दी थी।

दोनों के फोन बंद

शक होने पर जब परिजनों ने आरोपी युवक के मोबाइल नंबर पर कॉल किया, तो वह स्विच ऑफ मिला। इसके बाद जब युवक के पिता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया।

युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा भी 2 अप्रैल की सुबह से ही घर से गायब है। इस खुलासे के बाद परिवार का शक यकीन में बदल गया कि युवक ही नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

सीकर पुलिस दोनों के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही नाबालिग को दस्तयाब कर लिया जाएगा।

Updated on:
05 Apr 2026 01:34 pm
Published on:
05 Apr 2026 01:34 pm