सीकर

DIG की पत्नी को शिकस्त, सीकर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के किले सलामत, BJP के ढहे; इनके जीत से ज्यादा हार के चर्चे

सीकर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने 11 साल बाद गांवों की सरकार में वापसी का रास्ता साफ किया। भाजपा को बड़ा झटका लगा। मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्य और भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी चुनाव हार गईं।
5 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 11:15 AM IST
sikar panchayat election results 2026
जरीना खान और संगीता बिजारणियां (पत्रिका फोटो)

Sikar Panchayat Election Result 2026: सीकर: पंचायत राज चुनाव 2026 के नतीजों ने सीकर जिले की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। जिला परिषद में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर 11 साल बाद गांवों की सरकार में वापसी का रास्ता साफ कर दिया। दूसरी ओर, भाजपा के कई दिग्गज नेताओं और राजनीतिक परिवारों को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। चुनाव में कुछ प्रत्याशियों की जीत से ज्यादा उनकी हार के चर्चे हो रहे हैं। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्य चुनाव हार गए, वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी गणपति देवी भी अपनी सीट नहीं बचा पाईं।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का प्रभाव भी चुनाव परिणामों में साफ नजर आया। उनके राजनीतिक प्रभाव वाले शेखावाटी क्षेत्र में कांग्रेस को शानदार सफलता मिली। डोटासरा अपने विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों के साथ जिला परिषद में भी कांग्रेस को जीत दिलाने में सफल रहे। दूसरी तरफ भाजपा को करीब 30 साल में सबसे करारी हार का सामना करना पड़ा।

डोटासरा का जादू, अपने गढ़ में 100 फीसदी सफलता

पंचायत राज चुनाव में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा अपने राजनीतिक गढ़ को बचाने में सफल रहे। सीकर जिला परिषद में कांग्रेस को बहुमत मिला, वहीं उनके विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में भी पार्टी ने जीत दर्ज की। नगर निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन से जिले में डोटासरा की राजनीतिक पकड़ और मजबूत हुई है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का प्रभाव शेखावाटी के उन क्षेत्रों में भी दिखाई दिया, जहां उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। खास बात यह रही कि कांग्रेस प्रदेश में सत्ता से बाहर होने के बावजूद पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करने में सफल रही। इससे पहले प्रदेश में सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पंचायतीराज चुनाव हार गई थी।

डीआईजी की पत्नी और एसडीएम की पत्नी को मिली हार

चुनाव परिणामों में कई हाईप्रोफाइल मुकाबले भी चर्चा में रहे। जिला परिषद के वार्ड 47 में राजस्थान पुलिस में डीआईजी के पद पर कार्यरत अरशद अली की पत्नी जरीना खान को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं जरीना को कांग्रेस की नसीम बानो ने शिकस्त दी। जरीना इससे पहले फतेहपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुकी हैं।

इसी तरह धोद पंचायत समिति के वार्ड 17 में एसडीएम रामकरण की पत्नी संगीता बिजारणियां भी चुनाव हार गईं। भाजपा प्रत्याशी संगीता को कांग्रेस की सीता ने 58 वोटों से पराजित किया।

खर्रा परिवार के चार सदस्य चुनाव हारे

भाजपा के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के लिए पंचायत चुनाव के नतीजे बड़ा झटका साबित हुए। परिवार के चार सदस्य चुनाव मैदान में थे, लेकिन किसी को भी जीत नहीं मिली। मंत्री की पत्नी शांति देवी खर्रा श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड 17 में 57 वोटों से चुनाव हार गईं।

मंत्री के बड़े बेटे दुर्गाप्रसाद खर्रा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरे थे। उन्हें महज तीन वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा भी भाजपा के टिकट पर चुनाव हार गए। उन्हें 33 वोटों से शिकस्त मिली। वहीं, मंत्री की भाभी प्रतिभा खर्रा ने जिला परिषद के वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा, लेकिन वह भी जीत हासिल नहीं कर सकीं। परिवार के चारों सदस्यों की हार को मंत्री के प्रभाव वाले क्षेत्र में भाजपा के लिए बड़े राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी भी नहीं बचा पाईं सीट

भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी गणपति देवी को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। वह पहले एक बार चुनाव जीत चुकी थीं, लेकिन इस बार स्थानीय राजनीतिक समीकरण उनके पक्ष में नहीं रहे। कांग्रेस प्रत्याशी ने इस सीट पर जीत दर्ज की।

भाजपा संगठन के लिए यह परिणाम इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि जिले में पार्टी के कई पदाधिकारियों और प्रभावशाली नेताओं के परिवारों को हार मिली है। पार्टी की जिला कार्यकारिणी में शामिल जिला मंत्री, जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष की पत्नी तक चुनाव नहीं जीत सकीं।

महरिया, बाजौर और मील के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी झटका

सीकर जिले में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष महरिया, प्रेमसिंह बाजौर, सुभाष मील और गजानंद कुमावत के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। कई जगह भाजपा के मजबूत माने जाने वाले राजनीतिक समीकरण धराशायी हो गए।

हालांकि, प्रेमसिंह बाजौर के भाई बाबूसिंह बाजौर चुनाव जीतने में सफल रहे। बाजौर के करीबी बाबूलाल गुर्जर ने भी जीत दर्ज की। वहीं, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवा के परिवार ने अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा बचाई। उनकी भाई की पत्नी सुनीता रणवा जिला परिषद के वार्ड 10 से विजयी हुईं, जबकि छोटे भाई मूलचंद रणवा ने थोई पंचायत समिति से जीत हासिल की।

सुनीता गठाला की जीत, जिला प्रमुख पद की दौड़ तेज

कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने भी चुनाव में जीत दर्ज की। कई राजनीतिक समीकरणों के चलते उनकी सीट चर्चा में थी, लेकिन वह जीत हासिल करने में सफल रहीं। गठाला दूसरी बार जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुई हैं।

कांग्रेस को जिला परिषद में बहुमत मिलने के बाद अब जिला प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस दौड़ में सुनीता गठाला और चंदा धायल के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। गठाला की जिलाध्यक्ष के तौर पर दूसरी पारी भी राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। जिला प्रमुख के चयन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेशाध्यक्ष से रायशुमारी के बाद फैसला होने की संभावना है। फिलहाल कांग्रेस अपने नवनिर्वाचित सदस्यों को चौमूं पहुंचा रही है। चुनाव तक उन्हें वहां रखने की तैयारी है, ताकि जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान सभी सदस्य एकजुट रहें।

रणवीर जाट ने विधायक सुभाष मील के करीबी को हराया

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रणवीर जाट ने भी चुनाव में जीत दर्ज कर सबका ध्यान खींचा। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने उन पर भरोसा जताया था। रणवीर ने स्थानीय स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ के दम पर विधायक सुभाष मील के करीबी प्रत्याशी को शिकस्त दी। चुनाव प्रचार के दौरान मिली धमकियों के कारण यह सीट हॉट सीटों में शामिल रही थी। रणवीर का पैदल प्रचार करना भी चर्चा का विषय बना रहा।

मुकेश खोखर की जीत ने चौंकाया

जिला परिषद के वार्ड 12 में मुकेश खोखर की जीत भी चर्चा में रही। इस सीट पर कई राजनीतिक समीकरणों के चलते मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा था। हालांकि, मुकेश ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के समर्थन के दम पर जीत हासिल की। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी उनके समर्थन में चुनावी सभा की थी।

ताराचंद घायल की लगातार छठी जीत

पंचायत राज चुनाव में उप जिला प्रमुख ताराचंद घायल ने लगातार छठी बार जीत दर्ज की। छह चुनावों में उन्होंने दो सीटों से चुनाव लड़ा है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी घायल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सीकर विधानसभा सीट से ताल ठोकी थी। टिकट वितरण को लेकर नाराजगी के बावजूद वह अपनी सीट निकालने में सफल रहे। वहीं, जिला परिषद में माकपा को केवल एक सीट मिली। खंडेला से सुभाष नेहरा ने जीत दर्ज की। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम चौधरी की पत्नी प्रमिला सिंह भी चुनाव जीतने में सफल रहीं।

इंदिरा चौधरी को वार्ड बदलने का नुकसान

भाजपा से जिला प्रमुख की दौड़ में शामिल रहीं इंदिरा चौधरी को भी हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में वार्ड बदलने के कारण उनके सामने नए जातीय और स्थानीय समीकरण बन गए। बताया जा रहा है कि एक समाज की नाराजगी का भी उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। इस वजह से वह जीत की दौड़ से बाहर हो गईं।

सीकर में किस पार्टी को कितने वोट मिले?

पार्टीमिले वोट
कांग्रेस5,00,027
भाजपा4,38,600
माकपा62,339
आरएलपी51,733
निर्दलीय39,048
नोटा16,900
बसपा2,520
आप0

वोटों के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस को भाजपा से 61,427 वोट अधिक मिले।


भाजपा की हार के पीछे ये वजहें आईं सामने

सीकर जिले में भाजपा की करारी हार के पीछे कई कारण माने जा रहे हैं। इनमें परिवारवाद, कमजोर चुनाव प्रचार रणनीति, टिकट वितरण में असंतोष और संगठन की गुटबाजी प्रमुख हैं। जिलाध्यक्ष में बदलाव के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी बढ़ने की चर्चा भी चुनाव परिणामों के बाद तेज हो गई है। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी प्रदेश सरकार के कामकाज को ग्रामीण मतदाताओं तक प्रभावी तरीके से नहीं पहुंचा सके।

कुल मिलाकर सीकर के पंचायत राज चुनाव ने जिले की ग्रामीण राजनीति का समीकरण बदल दिया है। कांग्रेस ने जहां जिला परिषद और डोटासरा के प्रभाव वाले क्षेत्रों में मजबूत वापसी की है, वहीं भाजपा के कई दिग्गज नेताओं और उनके परिवारों को मिली हार ने पार्टी के सामने संगठनात्मक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

Also Read
View All
Rajasthan Panchayat Chunav Results: पत्नी और दोनों बेटे हारे चुनाव, UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा को अपने ही गढ़ में करारा झटका | Sikar News

Sikar Panchayat Results 2026: यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा को बड़ा झटका, पत्नी हारीं; अजीतगढ़ में कांग्रेस ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

Sikar Panchayat Chunav 2026 Results Live Updates: UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और बेटे हारे, पूर्व केंद्रीय मंत्री की पुत्रवधू जीती; जानें अपडेट 

Sikar Panchayat Chunav 2026 Results: इन हॉट सीट पर सभी की निगाहें, डोटासरा, खर्रा, राठौड़ सहित इन दिग्गजों की साख दांव पर

बाबा श्याम के जन्मदिन से पहले भक्तों को बड़ी सौगात: सुंदरपुरा के बाद अब बधाल स्टेशन होगा विकसित, भूमि अधिग्रहण शुरू