सीकर

सीकर: सड़क हादसे में बुझ गए 2 घरों के चिराग, MBBS इंटर्नशिप कर रहा था विकास, 2 साल पहले हुई थी जितेंद्र की शादी

सीकर में दीपावली की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। धोद में डंपर की टक्कर से दो दोस्त जितेंद्र और विकास की जान गई। रींगस में बस की टक्कर से महिला की मौत हो गई।
3 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 6:50 PM IST
sikar road accident
विकास नेतड़ और जितेंद्र सेवदा (पत्रिका फाइल फोटो)

Sikar Road Accident: धोद (सीकर): लोसल थाना क्षेत्र के बोसाणा में परिवार दीपावली की खुशियां मना रहे थे, लेकिन सोमवार रात बोसाणा के पास हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। डंपर और लग्जरी कार की आमने-सामने हुई टक्कर में दो घरों के इकलौते चिराग बुझ गए। घटना की जानकारी मिलते ही बोसाणा और नेतड़ की ढाणी में शोक की लहर फैल गई। जिन गांवों में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अपनों की आखिरी विदाई का दर्द और सन्नाटा पसरा हुआ था। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मंगलवार को दोनों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया।

लोसल थाना पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:20 बजे जितेंद्र सेवदा (24) निवासी बोसाणा और विकास नेतड़ (27) निवासी नेतड़ की ढाणी कार में सवार होकर लोसल की तरफ से बोसाणा आ रहे थे। लोसल और बोसाणा के बीच चेजारा मोड़ पर डंपर चालक ने लग्जरी कार को टक्कर मार दी। कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कार सवार दोनों युवकों को मुश्किल से बाहर निकालकर लोसल सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें श्री कल्याण हॉस्पिटल, सीकर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दोनों सहपाठी और करीबी दोस्त थे

दोनों ही युवक अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे। जितेंद्र और विकास दोनों सहपाठी थे और करीबी दोस्त थे। दोनों दीपावली पर मिले थे। विकास अपने दोस्त जितेंद्र को छोड़ने के लिए लोसल से बोसाणा आ रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। मृतक जितेंद्र की दो साल पहले शादी हुई थी और उसकी दो छोटी बहनें हैं। जितेंद्र ने एक दिन पहले ही पत्नी और परिवार के साथ लक्ष्मीजी का पूजन किया था। जितेंद्र की मौत से माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा छिन गया, वहीं पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। लोसल थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए।

हादसे में क्षतिग्रस्त थार गाड़ी

एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर इंटर्नशिप कर रहा था विकास

हादसे में जान गंवाने वाले विकास नेता ने विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। वह भारत में इंटर्नशिप कर रहा था। परिवार ने बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए कई सपने संजोए थे। उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी कर विकास परिवार का नाम रोशन करेगा, लेकिन एक हादसे ने परिवार की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। विकास की एक छोटी बहन है।

हादसे में क्षतिग्रस्त डंपर

सीकर: लोक परिवहन बस की टक्कर से भाभी की मौत, देवर घायल

रींगस में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सरगोठ के पास तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, ढाल्यावास निवासी देवर-भाभी दीपावली मनाने के बाद बाइक से जयपुर जा रहे थे। इसी दौरान सरगोठ के पास पीछे से आई बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कविता देवी (30) पत्नी लिलेश योगी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा प्रमोद योगी घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल प्रमोद को रींगस के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतका का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

Updated on:
11 Nov 2026, 6:50 PM IST
Published on: