
Rajasthan : शाहपुरा (सीकर)। करवा चौथ का त्योहार, जब सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, उसी दिन एक महिला का सुहाग उजड़ गया। शाहपुरा कस्बे में गुरुवार को विद्युत निगम के 33/11 केवी सब स्टेशन पर काम करते समय 35 वर्षीय ठेका कर्मी रणजीत जाखड़ की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, धोद थाना क्षेत्र के शाहपुरा कस्बे में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के 33/11 केवी सब स्टेशन पर निजी कंपनी के ठेका कर्मी रणजीत जाखड़ पुत्र मोतीराम, निवासी जेतपुरा, गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे काम कर रहे थे। इसी दौरान हादसे से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल नेछवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को नेछवा मोर्चरी में रखवाया गया। ठेका कर्मी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने डीडवाना रोड स्थित विद्युत निगम के पावर हाउस पर ताला लगा दिया।
रणजीत जाखड़ की छह साल की एक बेटी भाविका है। बताया गया कि रणजीत की पत्नी मनोज देवी ने करवा चौथ का व्रत भी रखा हुआ था। हालांकि गठिया की बीमारी के कारण वह बिस्तर पर ही रहती है। रणजीत जाखड़ के दो और भाई हैं। बड़ा भाई परिवार समेत असम में रहता है जबकि छोटा भाई साथ में रहता है। उसकी अभी शादी नहीं हुई। जाखड़ के पिता किसान है।
करवा चौथ जैसे पर्व पर हुए इस हादसे ने एक परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया। जिस दिन पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना की जाती है, उसी दिन रणजीत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
वहीं बीकानेर में भी ऐसी ही एक घटना घटित हुई है। करवाचौथ के दिन जब सुहाग की लंबी उम्र की कामना के साथ घरों में खुशियां और उम्मीदें सज रही थीं, उसी दिन एक परिवार में मातम पसर गया। तीसरी आरएसी में तैनात 30 वर्षीय कांस्टेबल मांगीलाल की मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। पीछे रह गई साढ़े तीन साल की मासूम बेटी, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। करणी नगर स्थित सरकारी क्वार्टर से मांगीलाल का शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मांगीलाल की पत्नी पिछले करीब ढाई महीने से अपने ससुराल छटासर गांव गई हुई थी। बेटी भी उसके पास ही थी। करवाचौथ के मौके पर सामने आई इस घटना के बाद उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक के ताऊ के बेटे पूनमचंद की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।