सीकर

Success Story: रिवीजन के सहारे सीकर की तान्या ने 500 में से 499 नंबर लाकर रचा इतिहास, जानें कहां कटा 1 नंबर

CBSE 12th Result 2026: सीबीएसई 12वीं के परिणाम में सीकर की छात्रा तान्या ने 500 में से 499 अंक हासिल कर शानदार उपलब्धि हासिल की है। चार विषयों में पूरे अंक पाने वाली तान्या अब सिविल सर्विस में जाकर देश सेवा करना चाहती हैं।
2 min read
May 13, 2026
CBSE 12th Result 2026
छात्रा तान्या। फोटो- पत्रिका

सीकर। सीबीएसई की ओर से घोषित कक्षा 12वीं के परिणाम में छात्रा तान्या ने 500 में से 499 अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। तान्या ने अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, भूगोल और पेंटिंग में 100-100 अंक प्राप्त किए, जबकि इतिहास विषय में उनका एक अंक कटा। छात्रा तान्या के पिता सावनसुखा कारोबारी हैं और मां विनिता गृहिणी हैं। तान्या का सपना सिविल सर्विस में जाने का है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन और लगातार मेहनत से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने परीक्षा से पहले पूरे सिलेबस का तीन बार रिवीजन किया।

यह वीडियो भी देखें

लगातार 19वें साल छात्राओं का बेहतरीन प्रदर्शन

बता दें कि सीबीएसई ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया। लगातार 19वें साल छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। अजमेर रीजन में छात्राओं का परिणाम 90.14 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल 93.30 प्रतिशत था। वहीं छात्रों का परिणाम 84.26 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल 88.31 प्रतिशत था।

छात्राओं के परिणाम में 3.31 प्रतिशत और छात्रों के परिणाम में 4.05 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। छात्राओं का परिणाम छात्रों के मुकाबले 5.88 प्रतिशत अधिक रहा। अजमेर रीजन का कुल परिणाम 86.78 प्रतिशत रहा, जबकि पिछले साल यह 90.40 प्रतिशत था। इस बार अजमेर रीजन देशभर में 11वें स्थान पर रहा, जबकि बीते साल यह 10वें स्थान पर था।

पहली बार ऑनस्क्रीन जांच

सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रेल तक आयोजित की गई थीं। इस बार पहली बार कॉपियों की ऑनस्क्रीन जांच कराई गई। परीक्षकों ने कम्प्यूटर स्क्रीन पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर वहीं अंक दर्ज किए। सीबीएसई ने इस बार टॉपर्स की मेरिट सूची जारी नहीं की है। 12वीं और 10वीं के विद्यार्थियों की अंकतालिका और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डिजिटल लॉकर में भेजे जाएंगे। विद्यार्थी पिन नंबर, आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से डिजिटल लॉकर का उपयोग कर सकेंगे।

कंपार्टमेंट में सुधार के अवसर

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कंपार्टमेंट योग्य विद्यार्थियों को विषयवार सुधार के अवसर दिए जाएंगे। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में अजमेर रीजन में छात्राओं के परिणाम में पिछले साल के मुकाबले 0.35 प्रतिशत और छात्रों के परिणाम में 1.13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन इस बार परिणाम में गिरावट दर्ज की गई है। इससे शिक्षा विशेषज्ञों और अभिभावकों में भी चिंता बढ़ी है।

Updated on:
14 May 2026 02:03 pm
Published on:
13 May 2026 07:20 pm