Weather Update : सीकर जिले में रविवार को मौसम का उलट-पलट अंदाज दिखा। इस दौरान सीकर शहर राजस्थान में सबसे ठंडे रहने वाले फतेहपुर से भी ठंडा रहा। मौसम विभाग ने 1-2 जनवरी को शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।
Weather Update : राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर अपना अंदाज बदल लिया। मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार नए साल के 1-2 जनवरी तक प्रदेश में ठंडा और घने कोहरे रहने की संभावना है। सीकर जिले में रविवार को मौसम का उलट-पलट अंदाज दिखा। इस दौरान सीकर शहर प्रदेश में सबसे ठंडे रहने वाले फतेहपुर से भी ठंडा रहा। जहां मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार न्यूनतम तापमान फतेहपुर के 6.2 डिग्री के मुकाबले 5.7 व अधिकतम तापमान 18.6 की तुलना में 17 डिग्री दर्ज हुआ। नश्तर सी चुभती हवाओं की आद्रता भी इस दौरान 94 फीसदी दर्ज हुई।
मौसम की इस ठंड से लोगों को दिन में भी गर्म कपड़े पहनने के साथ अलाव का सहारा लेना पड़ा। धूप भी इस दौरान बेअसर रही। इससे पहले सुबह अंचल फिर घने कोहरे से भी ढका नजर आया। जिसमें 50 मीटर देखना भी लोगों के लिए दूभर रहा।
बारिश का असर कम होने साथ ही हवाओं में बढ़ी नमी से दिन में भी सर्दी का असर बढ़ गया। आलम ये रहा कि सीकर शहर में एक ही दिन में अधिकतम तापमान 4.7 डिग्री गिरकर 17 डिग्री पहुंच गया। जिससे बचने के लिए लोग दिन में भी रजाई में दुबके रहे तो बहुत से हीटर व अलाव जलाने की जुगत भी करते दिखे।
जिले में घने कोहरे ने भी लोगों को खूब छकाया। ग्रामीण इलाकों व हाइवे पर ये ज्यादा घना रहा। जिसमें सुबह तो 50 मीटर दूर भी नहीं दिखने पर वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। सुबह 9 बजे तक वे धीमी रतार में ही चलते रहे। कोहरे की वजह से सुबह की सैर करने वाले लोगों की संख्या भी कम रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के साथ जिले में अब कोहरे व शीतलहर के साथ सर्दी का असर बढ़ेगा। इस संबंध में कें द्र ने सोमवार व मंगलवार को शीतलहर के साथ कोहरे व इसके बाद नए साल में एक व दो जनवरी को शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। केंद्र के अनुसार इस दौरान तापमान में भी तीन से चार डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।