सिरोही

Sirohi: आपकी बेटी को भी मिल सकता है 75 हजार रुपए का पुरस्कार, रजिस्ट्रेशन के लिए 8 जनवरी तक का समय

Padmakshi Award: प्रतिभाशाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पद्माक्षी पुरस्कार योजना लागू की गई है। इसके तहत कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की जिला टॉपर 44 छात्राओं को 25 से 75 हजार रुपए तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
2 min read
Jan 03, 2026
Sirohi News, Rajasthan News, Padmakshi Award, Padmakshi Award Scheme, Padmakshi Award Application, Padmakshi Award News, Padmakshi Award Latest News, Padmakshi Award Update News, पद्माक्षी पुरस्कार, पद्माक्षी पुरस्कार योजना, पद्माक्षी पुरस्कार आवेदन, पद्माक्षी पुरस्कार न्यूज, पद्माक्षी पुरस्कार लेटेस्ट न्यूज, पद्माक्षी पुरस्कार अपडेट न्यूज, सिरोही न्यूज, राजस्थान न्यूज
फाइल फोटो- पत्रिका

सिरोही। राज्य के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बालिका शिक्षा फाउंडेशन ने गार्गी एवं बालिका प्रोत्साहन पुरस्कारों के साथ अब पद्माक्षी पुरस्कार योजना शुरू की है। पूर्व में संचालित इंदिरा प्रियदर्शिनी योजना का नाम बदलकर पद्माक्षी पुरस्कार योजना कर दिया गया है।

इसके तहत कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में अपने-अपने वर्ग में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पद्माक्षी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। योजना में प्रारंभिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा तथा स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल की छात्राओं को शामिल किया गया है। सिरोही जिले में कुल 44 टॉपर छात्राओं को पद्माक्षी योजना के तहत पुरस्कार राशि दी जाएगी।

इन वर्गों की बालिकाओं को मिलेगा लाभ

इस योजना में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, निशक्त सामान्य, विशेष पिछड़ा वर्ग एवं बीपीएल वर्ग की बालिकाएं शामिल होंगी। प्रत्येक वर्ग से जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली एक-एक बालिका को पुरस्कार के लिए पात्र माना गया है।

संस्कृत शिक्षा विभाग की आठवीं, प्रवेशिका एवं वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षाओं में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाएं भी पुरस्कार की पात्र होंगी। इसी प्रकार व्यावसायिक शिक्षा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली 8-8 बालिकाओं को पद्माक्षी पुरस्कार दिया जाएगा।

25 से 75 हजार तक पुरस्कार राशि

इस पुरस्कार में कक्षा 8वीं की बालिकाओं को 25 हजार रुपए, कक्षा 10वीं की बालिकाओं को 50 हजार रुपए तथा कक्षा 12वीं की बालिकाओं को 75 हजार रुपए की राशि जन आधार इंटीग्रेशन के माध्यम से डीबीटी के जरिए प्रदान की जाएगी। पात्र बालिकाओं के प्रस्ताव संबंधित संस्था प्रधान अपने लॉगिन से बेनिफिशरी स्कीम पोर्टल पर 8 जनवरी तक ऑनलाइन लॉक करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) द्वारा मुख्यालय स्तर से 10 जनवरी तक सत्यापन एवं प्रमाणीकरण किया जाएगा।

60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य

बोर्ड परीक्षाओं में जिला टॉपर छात्राओं के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। वहीं स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल की छात्राओं के लिए न्यूनतम 9 सीजीपीए से अधिक अंक प्राप्त करना आवश्यक है।

इनका कहना है

जिले की 44 टॉपर छात्राओं को पद्माक्षी योजना के तहत पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसमें कक्षा 8वीं से 8, कक्षा 10वीं से 8 तथा कक्षा 12वीं से विभिन्न वर्गों की कुल 28 छात्राओं का चयन हुआ है। पात्र बालिकाओं के प्रस्ताव संबंधित संस्था प्रधानों को अपने लॉगिन से बेनिफिशरी स्कीम पोर्टल पर 8 जनवरी तक ऑनलाइन लॉक करना होगा।

  • महेन्द्र कुमार नानीवाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), सिरोही
Updated on:
03 Jan 2026 09:26 pm
Published on:
03 Jan 2026 09:22 pm