सिरोही

Sirohi Murder: गर्दन पर तलवार के एक वार से की थी युवक की हत्या, इस तरह आरोपियों तक पहुंची पुलिस

Mount Abu Murder Case: माउंट आबू में 13 मार्च को हुए खूनी संघर्ष और युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी, लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने फरार आरोपियों तक पहुंचकर कार्रवाई की।
2 min read
Mar 19, 2026
Mount Abu murder case, Rajasthan crime news today, Mount Abu gang clash, youth murder Rajasthan, Mount Abu police action, Rajasthan gang fight news, Sirohi crime update, Mount Abu arrest news, Rajasthan police investigation, gang clash India news, murder case Rajasthan update, Mount Abu CCTV tracking case, Rajasthan breaking crime news, police crackdown Rajasthan, Sirohi district crime news
एआई तस्वीर

माउंट आबू। पर्यटन स्थल माउंट आबू में 13 मार्च को दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की हत्या और तीन जनों के घायल होने की सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार उर्फ कालिया, पवन कुमार उर्फ शेरा, समीर कुमार और हर्ष राणा शामिल हैं। शेष नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस उपाधीक्षक गोमाराम चौधरी ने बताया कि 13 मार्च देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में हर्ष पुत्र राजू ने महावीर कुमार के जरिए रिपोर्ट दी थी कि उनके साथी अजय उर्फ अज्जू और करण को साहिल बैरवाल ने बातचीत के बहाने बुलाया। मुलाकात के दौरान अचानक पीछे से आए हमलावरों ने लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया।

इसी दौरान अजय उर्फ अज्जू की गर्दन पर तलवार लगने से वह वहीं गिर गया। करण और हर्ष को भी घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अजय उर्फ अज्जू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस पर पुलिस ने हत्या, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

आरोपियों की धरपकड़ को ऐसे बिछाया जाल

इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए डीएसपी गोमाराम चौधरी के निकटतम सुपरविजन व थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ के नेतृत्व में चार टीमें गठित की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों के मित्रों और रिश्तेदारों के बारे में जानकारी एकत्रित की गई।

इसके तहत एक टीम ने संबंधित क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। दूसरी टीम ने आरोपियों के मोबाइल नंबर की सीडीआर और लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की। तीसरी टीम ने आरोपियों के निवास स्थान और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। चौथी टीम ने माउंट आबू से बाहर संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की।

इन स्थानों से गिरफ्तार हुए चार आरोपी

डीएसपी ने बताया कि सीआई दलपत सिंह ने मय जाब्ता आरोपियों की तलाश में पिंडवाड़ा, नाणा, भंदर, बेड़ा, सेवाड़ी और सादड़ी में दबिश दी। मुखबिर सूचना के आधार पर मुंछाला महावीर (घाणेराव) रोड पर एक स्थान से आरोपी दीपक कुमार उर्फ कालिया पुत्र दिलवर को, सेवाड़ी से पवन कुमार उर्फ शेरा पुत्र गणेश को, माउंट आबू हेटमजी और टोल नाका के बीच से समीर कुमार पुत्र दिनेश को तथा सेंटमेरी रोड से हर्ष पुत्र विजय राणा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और थाना माउंट आबू में इनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। उन मामलों की भी जांच की जा रही है।

Published on:
19 Mar 2026 04:42 pm