सिरोही जिले के मावल गांव में खुले में सो रही महिला और उसके चार महीने के बेटे की आग से झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सिरोही। रीको थाना क्षेत्र के मावल गांव में नदी के पास खुले में सो रही महिला और उसके चार महीने के बच्चे की जलने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मावल में नदी के पास खुले में बिस्तर पर सोनिया पत्नी गोविंद और उसका चार महीने का पुत्र विष्णु सो रहे थे। अचानक आग लगने से दोनों बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई। बेटे का पूरा शरीर जल गया था, केवल खोपड़ी का कुछ हिस्सा ही बचा। मां पैरों से लेकर पेट तक पूरी तरह जल गई। पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान ने डीएसपी गोमाराम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चंपावत ने बताया कि महिला और उसका चार महीने का पुत्र नदी के पास खुले में सो रहे थे, जिनकी जलने से मौत हुई है। मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका भारजा गांव की रहने वाली है और उसके कुल तीन बच्चे हैं। मामले में गहन जांच की जा रही है।