सिरोही

National Sports Day : हॉकी का दीवाना है सिरोही जिले का ये परिवार, छह ने तो दिखाए राष्ट्रीय स्तर पर अपने जौहर

National Sports Day : राष्ट्रीय खेल दिवस पूरे देश में मनाया जा रहा है। राजस्थान के सिरोही जिले में एक ऐसा परिवार है, जिसके रग-रग में हॉकी का जुनून दौड़ता है। अब तीसरी पीढ़ी भी मैदान में उतर चुकी है।
2 min read
National Sports Day Sirohi district This family crazy about hockey 6 have shown their skills at national level third generation is getting ready
सिरोही में हॉकी के साथ पूरा परिवार। फोटो पत्रिका

National Sports Day : सिरोही जिले में एक ऐसा परिवार है, जिसके रग-रग में हॉकी का जुनून दौड़ता है। अब तीसरी पीढ़ी भी मैदान में उतर चुकी है। परिवार के 6 सदस्य राष्ट्रीय स्तर और 6 सदस्य राज्य स्तर पर हॉकी खेल चुके हैं। अभी तीसरी पीढ़ी के परमवीर सिंह के बेटे भव्यराज सिंह देवड़ा व बेटी तनिष्का कंवर व उनके भाई अभिमन्यु सिंह के बेटे प्रणंजय सिंह दादा और पिता के साथ रोज प्रैक्टिस करते हैं। नरपत सिंह देवड़ा जो 25 साल तक जिला हॉकी संघ सिरोही के सचिव रहे।

देते हैं नि:शुल्क प्रशिक्षण

कोच परमवीर सिंह के चाचा सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक राजेन्द्र सिंह देवड़ा भी राष्ट्रीय स्तर के प्लेयर रहे हैं। बड़े बेटे अभिजीत सिंह देवड़ा नेशनल खिलाड़ी एवं हॉकी कोच रहे। वर्ष 2018 में आकस्मिक मौत के बाद उनकी याद में एकेडमी खोली, जहां वे नि:शुल्क प्रशिक्षण देते हैं।

डेढ़ सौ से ज्यादा स्टेट लेवल प्लेयर तैयार

सिरोही निवासी गुमान सिंह देवड़ा के चार पुत्र थे। सबसे बड़े नरपत सिंह, जो शिक्षक थे। उन्होंने हॉकी के लिए सभी को प्रेरित किया। उनके बड़े बेटे परमवीर सिंह देवड़ा, जो अभी सिरोही के मेर माण्डवाड़ा में हॉकी कोच व शारीरिक शिक्षक हैं। उन्होंने जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर से राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में प्रतिनिधित्व किया।

छोटे भाई निर्भय सिंह व अभिमन्यु सिंह ने भी राज्य स्तर तक हॉकी खेली। परमवीर सिंह देवड़ा सिरोही जिले में डेढ़ सौ से ज्यादा स्टेट लेवल प्लेयर तैयार कर चुके हैं, 80 से ज्यादा बेटियां राज्य स्तर पर खेल चुकी हैं।

250 से अधिक खिलाड़ी राज्य स्तर पर खेले

परिवार के महेन्द्र सिंह देवड़ा पिछले 28 साल से खांभल स्कूल में शारीरिक शिक्षक हैं। उन्होंने वेलांगरी स्कूल में पदस्थापन के दौरान 2 नेशनल व 250 राज्य स्तरीय खिलाड़ी तैयार किए हैं। उनका बड़ा बेटा हर्षराज सिंह राज्य एवं छोटा बेटा राजवीरसिंह देवड़ा भी राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी खेल चुके हैं। परिवार के सदस्य नरेन्द्र सिंह एयर फोर्स से सेवानिवृत है, लेकिन वे भी हॉकी खिलाड़ी रहे हैं।

Published on:
29 Aug 2025 10:53 am