सिरोही

सिरोही सभापति चुनाव: कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला, बहुमत के बाद भी क्यों फंसा पेंच?

सिरोही नगर परिषद में सभापति पद के लिए कांग्रेस से रितु जैन और भाजपा से पूजा माली ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस के 23, भाजपा के 10 और दो निर्दलीय पार्षद हैं। रितु जैन वार्ड 25 से 59 मतों से जीतीं, जबकि पूजा माली वार्ड 10 से निर्विरोध चुनी गई थीं।
5 min read
Sep 17, 2026
sirohi chairman polls
कांग्रेस प्रत्याशी रितु जैन और भाजपा प्रत्याशी पूजा माली (पत्रिका फोटो)

Sirohi Chairman Election 2026: सिरोही नगर परिषद में पार्षदों के चुनाव के बाद अब सभापति की कुर्सी को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सभापति पद के लिए नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशियों की ओर से नामांकन एक-एक दाखिल करते ही सभापति की कुर्सी को लेकर सियासी तस्वीर साफ हो गई है।

सभापति पद के लिए कांग्रेस की ओर से वार्ड 25 से निर्वाचित रितु जैन और भाजपा की ओर से वार्ड 10 से निर्विरोध पार्षद बनीं पूजा माली ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी पूजा ने अपने पति व समर्थकों के साथ रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने नामांकन-पत्र प्रस्तुत किया। पार्षद ईश्वर डाबी सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।

हालांकि पार्षदों के चुनावी नतीजों के अनुसार कांग्रेस का बोर्ड बनना तय है। पार्षदों के चुनावी नतीजों में कांग्रेस को 23 वार्डों में जीत मिली है, जबकि भाजपा के 10 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। वहीं दो निर्दलीय पार्षद भी जीतकर आए हैं। ऐसे में स्पष्ट बहुमत और सभी प्रत्याशियों के किलेबंदी में एकजुट होने से कांग्रेस का सभापति बनना लगभग तय है।

कांग्रेस प्रत्याशी रितु जैन वार्ड 25 से चुनाव मैदान में उतरी थीं और उन्होंने 59 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं भाजपा प्रत्याशी पूजा माली वार्ड 10 से निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर माली का आवेदन खारिज होने के बाद पूजा माली को निर्विरोध घोषित किया गया था। अब सभापति पद के चुनाव में दोनों प्रत्याशियों के राजनीतिक समीकरण और पार्षदों के समर्थन पर नजर है।

आबूरोड: चेयरमैन पद के लिए तीन प्रत्याशियों के 4 नामांकन दाखिल

आबूरोड शहर नगर पालिका चुनाव-2026 के तहत पार्षदों के चुनाव के बाद अब चेयरमैन पद के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल किए गए। भाजपा से नवनिर्वाचित एक और कांग्रेस से दो महिला पार्षदों ने रिटर्निंग एवं उपखंड अधिकारी रामस्वरूप जौहर के समक्ष नामांकन प्रस्तुत किए।

भाजपा से भावना अग्रवाल, कांग्रेस से शोभा और उषा कंवर ने कुल चार नामांकन दाखिल किए। शोभा ने निर्दलीय भी नामांकन प्रस्तुत किया है। तीनों महिलाएं पहली बार पार्षद बनी हैं और अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की है। नामांकन के दौरान समर्थक मौजूद रहे।

भाजपा को बोर्ड बनाने को चाहिए एक पार्षद

नगरपालिका चुनाव में भाजपा के 20, कांग्रेस के 16 और निर्दलीय 6 प्रत्याशी विजयी होकर पार्षद बने हैं। भाजपा को बहुमत के लिए सिर्फ एक और कांग्रेस को पांच पार्षदों की जरूरत है। निर्दलीय पार्षद भाजपा के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में भाजपा से एकमात्र दावेदार भावना अग्रवाल के पालिकाध्यक्ष बनने की संभावना है। लेकिन, कांग्रेस भी सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर इस बार बोर्ड पर कब्जे की कोशिश में है, वहीं भाजपा ने लगातार तीसरी बार बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है।

माउंट आबू नगरपालिका में चेयरमैन पद के प्रत्याशी

भाजपा प्रत्याशी- सुनील आचार्य
आयु: 60 वर्ष
शिक्षा: डिप्लोमा इन फार्मेसी
व्यवसाय: व्यापार
वार्ड संख्या: 4
राजनीति में शुरुआत: 1994 में पहली बार पार्षद
पार्टी में जिम्मेदारी: विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे
चुनावी अनुभव: लंबा समय
संपत्ति: जोधपुर में भूखंड कीमत 10 लाख, अहमदाबाद में फ्लैट कीमत 50 लाख सहित कुल 60 लाख रुपए अचल संपत्ति। बैंक खातों में 3 लाख 5 हजार रुपए नकद राशि।
ऋण: 17 लाख रुपए
घोषित आपराधिक मामले: नहीं
प्राथमिकताएं: पर्यटन स्थल माउंट आबू का चहुंमुखी विकास करना और आमजन की समस्याओं का निस्तारण करना पहली प्राथमिकता।

कांग्रेस प्रत्याशी- यश शर्मा
आयु: 31 वर्ष
शिक्षा: बीएससी
व्यवसाय: व्यापार
वार्ड संख्या: 19
राजनीति में शुरुआत: 2019 में पार्षद का चुनाव लड़ चुके हैं
पार्टी में जिम्मेदारी: सक्रिय सदस्य
चुनावी अनुभव: सात वर्ष
संपत्ति: कुंभारवाड़ा में भूखंड कीमत 30 लाख रुपए, सोना व चल संपत्ति सहित कुल 3 लाख 20 हजार रुपए।
ऋण: 5 लाख रुपए
घोषित आपराधिक मामले: नहीं
प्राथमिकताएं: पर्यटन स्थल माउंट आबू का विकास करना पहली प्राथमिकता रहेगी। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयासरत रहेंगे।


सिरोही नगर परिषद में सभापति पद के प्रत्याशी

कांग्रेस प्रत्याशी: रितु जैन
उम्र: 48
शिक्षा: एमए
व्यवसाय: पति के व्यापार में भागीदारी
किस वार्ड से चुने गए: 25 नम्बर वार्ड से
राजनीति में शुरुआत: पहली बार पार्षद बनीं
पार्टी में जिम्मेदारी: कोई नहीं, प्रत्याशी के पति पुनीत जैन सिरोही कांग्रेस मंडल अध्यक्ष
चुनावी अनुभव: कोई नहीं, प्रत्याशी के पति पुनीत जैन सिरोही कांग्रेस मंडल अध्यक्ष और उनके पिता भी कांग्रेस में पदाधिकारी रहे।
संपत्ति: 29438886
घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं
प्राथमिकताएं: शहर की स्वच्छता, सौंदर्य, सड़क, पेयजल सहित शहर का विकास पहली प्राथमिकता रहेगी। बोर्ड बनते ही सबसे पहले शहर की सफाई व्यवस्था और खस्ताहाल सड़कों को दुरुस्त करेंगे। आमजन की समस्याओं का तत्परता से निराकरण का प्रयास करेंगे।

भाजपा प्रत्याशी: पूजा
उम्र: 29
शिक्षा: बीए, बीएड
व्यवसाय: गृहिणी
किस वार्ड से चुने गए: 10 नम्बर वार्ड से निर्विरोध जीत
राजनीति में शुरुआत: पहली बार पार्षद बनीं
पार्टी में जिम्मेदारी: कोई नहीं, प्रत्याशी के पति गोपाल माली भाजयुमो के जिलाध्यक्ष। पार्षद भी रह चुके।
चुनावी अनुभव: कोई नहीं, प्रत्याशी के पति गोपाल माली भाजयुमो के जिलाध्यक्ष
संपत्ति: 2085251
घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं
प्राथमिकताएं: सफाई, सड़कें, बिजली, पेयजल सहित शहर की मूलभूत सुविधाओं का विकास करेंगे। शहर की स्वच्छता और सौंदर्य पर फोकस किया जाएगा। शहर की जनता की समस्याओं को प्राथमिकताओं से सुना जाएगा तथा उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।


मंदार नगरपालिका में चेयरमैन पद के प्रत्याशी

कांग्रेस प्रत्याशी: मफतलाल बुनकर
उम्र: 51
शिक्षा: बीए
व्यवसाय: व्यापार व खेती बाड़ी

किस वार्ड से चुने गए: 12 नम्बर वार्ड से

राजनीति में शुरुआत: लंबे समय से कांग्रेस के कार्यकर्ता व पदाधिकारी

पार्टी में जिम्मेदारी: मंदार कांग्रेस मंडल अध्यक्ष

चुनावी अनुभव: पहली बार चुनाव लड़े

संपत्ति: 4771175

घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं

प्राथमिकताएं: बोर्ड बनते ही सबसे पहले शहर की सफाई व्यवस्था को ठीक करेंगे। साथ ही शहर के विकास कार्यों और आमजन की समस्याओं के निराकरण पर भी फोकस किया जाएगा।

भाजपा प्रत्याशी : प्रागाराम

उम्र: 42

शिक्षा: 10वीं

व्यवसाय: फोटोग्राफी

किस वार्ड से चुने गए: वार्ड नम्बर 6 से

राजनीति में शुरुआत: पूर्व पंचायत समिति सदस्य रह चुके

पार्टी में जिम्मेदारी: कोई नहीं

चुनावी अनुभव: पूर्व पंचायत समिति सदस्य

संपत्ति: 410000

घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं

प्राथमिकताएं: मूलभूत सुविधाओं को ठीक करेंगे। लोगों की परेशानी को प्राथमिकता के साथ समाधान कराए जाने के प्रयास करेंगे।

शिवगंज नगरपालिका में चेयरमैन पद के प्रत्याशी

भाजपा प्रत्याशी : कुंदनमल अग्रवाल

उम्र: 68

शिक्षा: 10वीं पास

व्यवसाय: व्यापार

किस वार्ड से चुने गए: 14

राजनीति में शुरुआत: 30 साल से राजनीति में

जिम्मेदारी: वर्तमान में चुनाव प्रभारी

चुनावी अनुभव: पूर्व में भी पार्षद रह चुके है

घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं

प्राथमिकताएं: स्वच्छता, पेयजल, सड़क, बिजली, सौंदर्यकरण सहित शिवगंज शहर का विकास करना प्राथमिकता।

कांग्रेस प्रत्याशी : राजेश सोनी

उम्र: 52 वर्ष

शिक्षा: 8वीं पास

व्यवसाय: व्यापार

किस वार्ड से चुने गए: वार्ड 35 से चुनाव लड़े, मगर हार गए

राजनीति में शुरुआत: नई शुरुआत

पार्टी में जिम्मेदारी: कोई नहीं

चुनावी अनुभव: कोई नहीं

घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं

प्राथमिकताएं: नगर का चहुंमुखी विकास करना पहली प्राथमिकता होगी।


आबूरोड नगरपालिका में चेयरमैन पद के प्रत्याशी

भाजपा प्रत्याशी : भावना अग्रवाल

उम्र: 51

शिक्षा: बीकॉम

व्यवसाय: होटल व्यवसाय

किस वार्ड से चुने गए: 23

राजनीति में शुरुआत: पहली बार पार्षद बनीं

पार्टी में जिम्मेदारी: नहीं

चुनावी अनुभव: नहीं

संपत्ति: 3 करोड़

घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं

प्राथमिकताएं: शहर में सभी लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त प्रेशर से पेयजल सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। सौंदर्यीकरण, टूटी सड़कों की मरम्मत और सभी वार्डों में योजनाबद्ध विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कांग्रेस प्रत्याशी : ऊषा कुंवर

उम्र: 29

शिक्षा: बीए

व्यवसाय: गृहिणी

किस वार्ड से चुने गए: 36

राजनीति में शुरुआत: पहली बार पार्षद बनीं

पार्टी में जिम्मेदारी: नहीं

चुनावी अनुभव: नहीं

संपत्ति: 5 हजार

घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं

प्राथमिकताएं: लोगों को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने, वंचित लोगों को पट्टे व हरेक वार्ड में शिविर आयोजित करने समस्याओं के निवारण के प्रयास किए जाएंगे।

कांग्रेस से और निर्दलीय नामांकन : शोभा

उम्र: 39

शिक्षा: बीए

व्यवसाय: व्यापार

किस वार्ड से चुने गए: 10

राजनीति में शुरुआत: पहली बार पार्षद बनीं।

पार्टी में जिम्मेदारी: नहीं

चुनावी अनुभव: नहीं

संपत्ति: 33 लाख

घोषित आपराधिक मामले: कोई नहीं

प्राथमिकताएं: विकास के मामले में मॉडल नगरपालिका बने यही मुख्य लक्ष्य रहेगा। इसमें लोगों के सुझावों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।