
नागाणी (सिरोही): इस साल मानसून की बेरुखी ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। कम बारिश के चलते कुओं का जलस्तर लगातार गिरता जा रहा है। खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं बचा है और बारिश के दौरान बोई गई फसलें अब पानी के अभाव में सूखकर बर्बाद हो रही हैं। हालात ऐसे हैं कि किसान अपनी आंखों के सामने सालभर की मेहनत को बर्बाद होते देखने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा मार किसानों की महंगी सौंफ की फसल पर पड़ी है, जिस फसल से लाखों रुपए की आय की उम्मीद थी, वही अब खेतों में सूखकर बर्बाद हो रही है।
किसानों ने खेत तैयार करने, जुताई, बुआई, खाद और बीज पर हजारों से लाखों रुपए खर्च किए। कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन अब लागत निकालना तो दूर, खर्च की गई रकम वापस मिलने की उम्मीद भी घटती नजर आ रही है।
किसान के लिए खेत सिर्फ जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीद और सालभर की मेहनत का सहारा होता है। आज वही किसान अपनी आंखों के सामने फसल को बर्बाद होते देखने को मजबूर हैं। सूखती फसल ने किसानों की रातों की नींद उड़ा दी है। परिवार के पालन-पोषण, पशुओं के लिए चारे-पानी की व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई के बीच अकाल जैसे हालात ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
प्रकृति की मार झेल रहे किसानों की नजरें अब सरकार पर टिकी हैं। किसानों की मांग है कि प्रभावित गांवों में तत्काल विशेष गिरदावरी करवाकर सौंफ सहित अन्य फसलों में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने के साथ फसल बीमा और अन्य सरकारी सहायता का लाभ भी जल्द दिया जाए, ताकि आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से जूझ रहे किसानों को राहत मिल सके।
इस बार बारिश कम होने से कुओं का जलस्तर काफी नीचे चला गया है। खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी की कमी के कारण सौंफ सहित अन्य फसलें सूखकर खराब हो गई हैं। खेती में हजारों रुपए खर्च किए थे, लेकिन अब लागत निकलना भी मुश्किल लग रहा है।
-जीतू भाई घांची, किसान
फसल अच्छी होने की उम्मीद में खेत तैयार कर बुआई की थी। खाद, बीज और जुताई पर काफी खर्च किया, लेकिन बारिश की कमी ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। कुओं में पानी नहीं बचा, जिससे फसल को बचाना मुश्किल हो गया है। अब सरकार से मुआवजे की उम्मीद है।
-लखमाराम चौधरी, किसान
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आने वाली फसलों की गिरदावरी की जा रही है। पानी की कमी होने पर किसान सिंचाई सिस्टम के माध्यम से सिंचाई कर सकते हैं। वहीं, वर्तमान में तापमान अधिक रहने के कारण फसलों को कुछ नुकसान हो रहा है।
-पन्नालाल चौधरी, संयुक्त निदेशक, कृषि विभाग, सिरोही