सिरोही

BJP के वरिष्ठ नेता का अनोखा जश्न, गधों को खिलाए 11KG गुलाब जामुन, पश्चिम बंगाल का परिणाम आने से पहले ही कर दी थी घोषणा

BJP Celebration On West Bengal Result: पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों को लेकर भाजपा की जीत के जश्न में सिरोही में एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला। पार्टी के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह चौहान ने अपने वादे के मुताबिक बेहद अलग अंदाज में खुशी जाहिर की।
2 min read
May 05, 2026
Sirohi BJP Leaders
गधों को गुलाब जामुन खिलाते हुए फोटो: पत्रिका

West Bengal Elections Result: पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को लेकर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इसी कड़ी में सिरोही में भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह चौहान ने इस जीत को एक अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट किया। चौहान ने पशु सेवा से जुड़ी संस्था पीएफए में इलाजरत गधों को करीब 11 किलो गुलाब जामुन खिलाकर जीत की खुशी का इजहार किया।

इस अनोखे जश्न के सूत्रधार वीरेंद्र सिंह चौहान ने इसे 'उपेक्षित वर्ग के सम्मान' से जोड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा हर उस वर्ग को सम्मान दिलाने की है जो अब तक हाशिये पर रहा है। उन्होंने बंगाल चुनाव परिणाम आने से पहले ही यह घोषणा कर दी थी कि यदि भाजपा जीतती है, तो वह गधों को गुलाब जामुन खिलाकर जश्न मनाएंगे। जीत के बाद उन्होंने इसी अंदाज में जश्न मनाया। इस अवसर पर निम्बाराम देवासी, जब्बर सिंह चौहान, शैतान सिंह परमार, कांतिलाल, रजनीकांत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। जिलेभर में यह अनोखा जश्न चर्चा का विषय बना हुआ है।

भाजपा की जीत पर माउंट आबू में जश्न, आतिशबाजी व विजयी जुलूस निकाला

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर नगर मंडल कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान के नेतृत्व में जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। साथ ही शहर में विजयी जुलूस भी निकाला गया। मंडल अध्यक्ष चौहान ने कहा कि इन राज्यों में मिली जीत भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने आगामी नगर निकाय चुनावों में माउंट आबू पालिका में भी बंपर जीत का दावा किया।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष हाजी मोहम्मद साबिर कुरैशी, सुनील आचार्य, महेंद्र सिंह परमार, टेकचंद भंभाणी, सलिल कालमा, लक्ष्मण प्रजापत, भंवर सिंह मेड़तिया, हीर सिंह भाटी, जयेश पटेल, अशोक शर्मा, देवीलाल बामणिया, बृजेश शर्मा, सुरेंद्र गिरी, अरविंद रावल, दलपत सिंह, प्रमोद व्यास सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विजयी जुलूस अटल चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौराहा, वाल्टर तिराहा, एमके चौक, नक्की मार्केट और सदर बाजार सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः अटल चौक पहुंचा, जहां आमसभा का आयोजन हुआ। जगह-जगह आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी गईं।

Published on:
05 May 2026 10:33 am