सीतापुर

बिल के झंझट के मुक्त होगा UP का हेमपुर गांव, मिलेगी फ्री बिजली, क्या है सरकार का प्लान?

उत्तर प्रदेश सरकार नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) को प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत यूपी के हेमपुर गांव को 'मॉडल सोलर विलेज' योजना (Model Solar Village Scheme) के लिए चुना गया है। आइए जानते हैं क्या है योजना?
2 min read
Jun 25, 2026
Solar Village scheme
सीतापुर के हेमपुर गांव में हर घर में लगेगा सोलर पैनल (सांकेतिक इमेज- पत्रिका)

Model Solar Village Scheme: नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (नेडा) ने ग्रामीण क्षेत्रों को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नेडा ने सीतापुर जिले के एलिया ब्लॉक अंतर्गत हेमपुर गांव को ‘मॉडल सोलर विलेज’ योजना के तहत चयनित किया है। इस योजना के अंतर्गत गांव को पूरी तरह सौर ऊर्जा पर आधारित बनाने के लिए सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा।

गांव के सभी घरों में लगेगा सोलर पैनल

नेडा की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत हेमपुर गांव के सभी घरों पर रूफ-टॉप सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही गलियों में सोलर स्ट्रीट लाइटें, पंचायत भवन, स्कूल, स्वास्थ्य उपकेंद्र समेत सभी सरकारी भवनों को सौर ऊर्जा से लैस किया जाएगा। नेडा ने पूरे उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले से 1-1 गांव चयनित करने का लक्ष्य रखा है। चयन की प्रक्रिया में गांव की आबादी 5 हजार से अधिक होने की अनिवार्य शर्त रखी गई थी। सभी 19 ब्लॉकों से प्राप्त प्रस्तावों की जांच के बाद एलिया ब्लॉक के हेमपुर गांव का चयन किया गया। नेडा ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेज दिया है।

बिजली बिल से मिलेगी मुक्ति

नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण इस योजना का उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को ग्रामीण स्तर पर प्रभावी ढंग से बढ़ावा देना है। इस योजना से गांव के निवासी भारी बिजली बिलों के बोझ से पूरी तरह मुक्त हो सकेंगे और अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनेंगे।
योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए अनुदान दिया जाएगा। इन सोलर पैनल से प्रत्येक उपभोक्ता प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्राप्त कर सकेगा। सोलर पैनल से उत्पादित बिजली ग्रिड से जुड़ने के बाद बिजली बिल शून्य हो जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता के पास पहले से बिजली कनेक्शन होना अनिवार्य है। सरकार इस योजना के माध्यम से लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

क्या बोले अधिकारी?

नेडा के परियोजना प्रभारी अधिकारी अनुपम कुमार ने बताया कि हेमपुर गांव को मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। योजना के तहत मिलने वाले एक करोड़ रुपए से गांव को पूर्ण रूप से सौर ऊर्जा सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। हेमपुर गांव में सोलर पैनल लगाने की योजना के बारे में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि जिले में अब तक 15 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता सोलर पैनल कनेक्शन ले चुके हैं।

शेष उपभोक्ताओं के लिए प्रक्रिया तेजी से चल रही है और उन्हें शीघ्र मीटर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। यह पहल न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हेमपुर मॉडल सोलर विलेज की सफलता के बाद अन्य गांवों में भी इस योजना को विस्तार दिए जाने की संभावना है।