सिवान

मंगेतर और पुराने प्रेमी के बीच उलझी थी सृष्टि की जिंदगी, सुसाइड नोट और मेडिकल रिपोर्ट ने उलझाई मौत की गुत्थी

सीवान में तैनात असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर सृष्टि कुमारी की मौत के रहस्य को सुलझाने के लिए पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और फोरेंसिक सबूतों पर निर्भर है। अब तक की जांच में कुछ चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जैसे कि एक संदिग्ध प्रेम प्रसंग और पार्शियल हैंगिग।
3 min read
Apr 10, 2026
bihar news, siwan news, bihar hindi news,, suicide news, सृष्टि कुमारी
असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर सृष्टि कुमारी (फाइल फोटो)

Bihar News: बिहार के सीवान जिले के हसनपुरा में तैनात असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर (ATM) सृष्टि कुमारी की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। सिसवन ढाला स्थित एक कमरे में मंगलवार को सृष्टि का शव फंदे से लटका मिला था। इस मौत को शुरुआत में आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन उनके परिवार वालों ने इसे हत्या बताया हैकरार देते हुए कुछ लोगों पर मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है। जांच में अब तक प्रेम-प्रसंग और पार्शियल हैंगिंग की बात सामने आई है। जांच अधिकारी फिलहाल सृष्टि के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि घटना वाले दिन उसने किन-किन लोगों से बात की थी।

मेडिकल रिपोर्ट में पार्शियल हैंगिंग की बात

सृष्टि का शव जब कमरे में मिला था तो वो फंदे से लटक रहा था, हालांकि उसके पैर जमीन को छु रहे थे। जिसने कई सवाल खड़े कर दिए थे, हालांकि पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड के डॉक्टरों के अनुसार यह पार्शियल हैंगिंग का मामला हो सकता है। लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि फांसी से मौत होने के लिए पैरों का हवा में लटकना जरूरी है। लेकिन पार्शियल हैंगिंग के मामले में व्यक्ति पूरी तरह हवा में नहीं लटकता, फिर भी उसकी मौत हो जाती है। सृष्टि के शरीर पर संघर्ष, शारीरिक चोट या यौन उत्पीड़न के कोई निशान भी नहीं मिले।

सुसाइड नोट में क्या लिखा?

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था। नोट में लिखा था, 'मैं चाहती नहीं थी पर मैं चीजें हैंडल नहीं कर पाई। मुझे माफ कर देना मम्मी, मैंने आपको बहुत दुख दिया है।' लेकिन हैंडराइटिंग की वजह से यह सुसाइड नोट भी सवालों के घेरे में हैं। सृष्टि के परिजनों का कहना है कि नोट पर जो हैंडराइटिंग हैं वो सृष्टि की नहीं है। पुलिस फिलहाल नोट की लिखावट का मिलान सृष्टि के सरकारी दस्तावेजों में मिली लिखावट के नमूनों से कर रही है।

मंगेतर के साथ सिक्किम की यात्रा और पुराने प्रेमी की एंट्री

जांच से पता चला है कि सृष्टि दो दुनियाओं के बीच फंसी जिंदगी जी रही थी। अपनी मौत से ठीक एक हफ्ता पहले वह अपने मंगेतर के साथ छुट्टियों पर सिक्किम गई थीं। उन्होंने इस यात्रा की तस्वीरें अपने व्हाट्सप्प स्टेटस पर भी पोस्ट की थीं। इस जोड़े की शादी अगस्त 2026 में होनी तय थी। दूसरी ओर उसका पुराना प्रेमी था, जिसके साथ सृष्टि का पांच साल से संबंध था और शादी तय होने के बाद भी लगातार उसके संपर्क में बना रहा। वह अक्सर सीवान में सृष्टि के कमरे पर आता-जाता रहता था। पड़ोसियों का कहना है कि देर रात तक सृष्टि के कमरे से युवकों का आना-जाना लगा रहता था।

पिता की मौत के बाद सृष्टि पूरी तरह टूट गई थी

सृष्टि की मानसिक परेशानी की जड़ें बहुत गहरी थीं। जून 2025 में जब उसने अपने परिवार को अपने प्रेम-संबंध के बारे में बताया, तो उसके पिता को गहरा सदमा लगा और उसके बाद दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। सृष्टि खुद को अपने पिता की मौत का जिम्मेदार मानती थी। इसी वजह से उसने अपने प्रेमी से दूरी बना ली और परिवार की मर्जी से अरेंज्ड मैरिज के लिए राजी हो गई थी। हालांकि, वह अपने अतीत को पूरी तरह से पीछे नहीं छोड़ पाई।

फ्लाइट मोड में मिला मोबाइल फोन

पुलिस को सृष्टि का मोबाइल फोन उसकी लाश के पास पड़ा मिला। लेकिन उसका फोन फ्लाइट मोड में था। जांच अधिकारी अब उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि मौत से ठीक पहले उसकी अपने मंगेतर या पुराने प्रेमी में से किसी के साथ कोई तीखी बहस तो नहीं हुई थी। क्या उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था? ये कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब पुलिस इस समय तलाश रही है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

इस मामले में सृष्टि के भाई ने उसके दफ्तर के सहकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि घर के बाहर लगे CCTV फ़ुटेज की जांच में पुलिस को कोई भी संदिग्ध व्यक्ति घर के अंदर आते हुए नहीं दिखाई दिया है। फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों नागेंद्र सिंह, सतीश और रंजन पांडे की तलाश कर रही है। मामले में पूर्व विधायक अमरनाथ यादव और एपवा अध्यक्ष सोहिला गुप्ता ने मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

Updated on:
10 Apr 2026 11:43 am
Published on:
10 Apr 2026 11:42 am