
Sonbhadra Crime News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक बेटे ने ही अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पिता के सिर पर पत्थर से वार किया और फिर ब्लेड से गला रेतकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी बेटे ने खुद ही थाने जाकर अज्ञात के खिलाफ पिता की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कुंडाडीह गांव के रहने वाले 50 वर्षीय सब्जी विक्रेता राजदेव सिंह का शव 29 मई को आश्रम मोड़ गोविंदपुर के जंगल में खून से लथपथ मिला था। पुलिस जांच में उनके बड़े बेटे 30 वर्षीय रवि कुमार की भूमिका संदिग्ध लगी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रवि ने बताया कि उसके पिता के एक महिला से अनैतिक संबंध थे, जिसे लेकर घर में रोज विवाद होता था। समाज में परिवार की बदनामी हो रही थी और ताने सुनने पड़ते थे। इसलिए गुस्से में आकर उसने अपने पिता को मौत के घाट उतारने की साजिश रची।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रवि ने बताया कि 29 मई को वह अपने पिता राजदेव को जमीन दिखाने के बहाने जंगल की तरफ ले गया। सुनसान जगह देखकर उसने पहले पिता के गले में गमछा डालकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पत्थर से उनका सिर बुरी तरह कुचल दिया और सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर उनकी निर्मम हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा सीधा थाने पहुंचा और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ दी। उसने पुलिस को तहरीर दी कि उसके पिता दोपहर में सब्जी बेचने घर से निकले थे और किसी ने उनकी हत्या कर दी। लेकिन पुलिस की बारीक जांच तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सबूतों ने बेटे की पूरी पोल खोल दी। एसओ रविकांत मिश्र ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड खून लगा पत्थर और बाइक की चाबी बरामद कर ली गई है। अब इस पूरे मामले में आरोपी रवि कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है।