
Japan Vs Brazil: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में ब्राजील ने आखिरी पलों तक चले रोमांचक मुकाबले में जापान को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए मैच में गेब्रियल मार्टिनेली ने इंजरी टाइम (90+5वें मिनट) में निर्णायक गोल दागकर ब्राजील को यादगार जीत दिलाई। अब कार्लो एंचेलोटी की टीम अगले दौर में कोट डी आइवर और नॉर्वे के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेगी।
मैच की शुरुआत से ही जापान ने आक्रामक अंदाज अपनाया और ब्राजील को लगातार चुनौती दी। 29वें मिनट में ब्राजील की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा उठाते हुए काइशु सानो ने गेंद पर कब्जा जमाया और शानदार राइट फुट शॉट के जरिए गोल कर जापान को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह सानो का जापान के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय गोल रहा। पहले हाफ में ब्राजील के स्टार खिलाड़ियों को जापान की मजबूत डिफेंस लाइन भेदने का मौका नहीं मिला और हाफ टाइम तक जापान बढ़त बनाए रखने में सफल रहा।
दूसरे हाफ की शुरुआत में ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंचेलोटी ने युवा स्ट्राइकर एंड्रिक को मैदान पर उतारकर टीम की रणनीति में बदलाव किया। इसका असर जल्द ही देखने को मिला और ब्राजील ने लगातार जापान के गोल पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। 56वें मिनट में गेब्रियल मागालहाइस के सटीक क्रॉस पर कासेमिरो ने शानदार हेडर लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद ब्राजील ने लगातार हमले किए। विनीसियस जूनियर कई बार टीम को बढ़त दिलाने के करीब पहुंचे, लेकिन जापान के गोलकीपर जायोन सुज़ुकी ने बेहतरीन बचाव करते हुए उन्हें सफलता नहीं मिलने दी। एक अन्य मौके पर विनीसियस का शॉट पोस्ट से टकरा गया।
जब मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तभी ब्राजील ने निर्णायक हमला किया। इंजरी टाइम के 90+5वें मिनट में ब्रूनो गुइमाराएस ने गेब्रियल मार्टिनेली को शानदार पास दिया। मार्टिनेली ने गोलकीपर जायोन सुजुकी को छकाते हुए गेंद को नेट में पहुंचा दिया और ब्राजील को 2-1 की बढ़त दिला दी। अंतिम सीटी बजते ही ब्राजील के खिलाड़ियों और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया, जबकि जापान का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया।