खेल

पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ मैनेजमेंट ने किया भद्दा मजाक, बिल न चुकाने पर होटल ने किया ये हाल

कोच ने पाकिस्तान के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन घंटों तक इसका कोई समाधान नहीं निकल पाया। इस दौरान न खिलाड़ियों को आराम करने की कोई व्यवस्था मिली और न ही खाने-पीने का इंतजाम हो पाया।

2 min read
Feb 13, 2026
सड़क पर बैठे पाकिस्तानी खिलाड़ी (फोटो- X)

क्या आपने कभी सुना है कि किसी स्पोर्ट्स बोर्ड या किसी फेडरेशन ने अपने खिलाड़ियों के होटल में रहने का बिल ही न चुकाया हो और उसकी वजह से खिलाड़ियों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा हो? अगर नहीं सुना है, तो आज जान लीजिए। यह किसी और के साथ नहीं, बल्कि पाकिस्तान की हॉकी टीम के साथ हुआ है। पाकिस्तान की हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया में एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के लिए पहुंची है, जहां उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। इसी दौरान उनके साथ एक ऐसी घटना हुई, जिससे सभी खिलाड़ियों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें

पहले ही दौर से बाहर होने के कगार पर पहुंची ऑस्ट्रेलिया, सुपर 8 की रेस में जिम्बाब्वे के साथ ये टीम निकली आगे

बिना बुकिंग होटल पहुंचे खिलाड़ी

पाकिस्तान हॉकी बोर्ड और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने अपने खिलाड़ियों को बताया था कि उनके लिए चार सितारा होटल की बुकिंग की गई है, लेकिन जैसे ही खिलाड़ी अपने होटल पहुंचे, वहां के मैनेजर ने साफ कह दिया कि न तो कोई बुकिंग हुई है और न ही किसी तरह का पेमेंट किया गया है। इसके बाद लगभग चार घंटे तक खिलाड़ी सड़कों पर भटकने को मजबूर रहे।

इसके बाद कोच ने पाकिस्तान के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन घंटों तक इसका कोई समाधान नहीं निकल पाया। इस दौरान न खिलाड़ियों को आराम करने की कोई व्यवस्था मिली और न ही खाने-पीने का इंतजाम हो पाया। कोच की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार एक होटल में कुछ कमरे मिले, जिसके चलते एक ही कमरे में दो से तीन खिलाड़ियों को ठहराने की व्यवस्था की गई। अगले ही दिन पाकिस्तान की टीम मुकाबले में उतरी, जहां उसे 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि इससे पहले पूर्व ओलंपियन अंजुम शाहिद, जो टीम के मैनेजर थे, उन्हें किसी विवाद की वजह से हटा दिया गया था।

यह वही पाकिस्तान हॉकी टीम है, जो कभी विश्व हॉकी में राज किया करती थी, लेकिन आज राजनीति के घुस जाने की वजह से आर्थिक संकट और अंदरूनी समस्याओं का सामना कर रही है। सवाल यह है कि अगर खिलाड़ियों के लिए सही व्यवस्था ही नहीं की जाएगी, तो वे मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कैसे कर पाएंगे?

31 गोल खा चुका है पाकिस्तान

अगर इस एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान के प्रदर्शन की बात करें, तो उसने अब तक सात मुकाबले खेले हैं और सातों में ही उसे हार का सामना करना पड़ा है। यानी टीम एक भी ड्रॉ तक हासिल नहीं कर पाई है। इस दौरान उन्होंने 12 गोल किए हैं, लेकिन 31 गोल खाए हैं। वह अंक तालिका में भारत के बाद नौवें स्थान पर है।

हालांकि भारतीय टीम का भी प्रदर्शन खास नहीं रहा है और उसने दो मैच खेले हैं, जिनमें दोनों में ही उसे हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम ने इस दौरान सिर्फ एक गोल किया है और 11 गोल खाए हैं। अंक तालिका में बेल्जियम पहले स्थान पर है, जिसने छह में से पांच मुकाबले जीते हैं, जबकि नीदरलैंड्स दूसरे, इंग्लैंड तीसरे और अर्जेंटीना की टीम चौथे स्थान पर है।

ये भी पढ़ें

सिर्फ ऑस्ट्रेलिया ही नहीं ये टीमें भी पहले राउंड से हो सकती हैं बाहर, यहां देखें सुपर 8 का समीकरण

Published on:
13 Feb 2026 06:53 pm
Also Read
View All