Sri Ganganagar Zila Pramukh By-election: श्रीगंगानगर जिला प्रमुख उपचुनाव का परिणाम घोषित हो गया है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी दुलाराम इंदलिया ने शानदार जीत हासिल की है।
Sri Ganganagar Zila Pramukh By-election: श्रीगंगानगर जिला प्रमुख उपचुनाव का परिणाम घोषित हो गया है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी दुलाराम इंदलिया ने शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी निर्मला को करारी शिकस्त दी। इस उपचुनाव में दुलाराम इंदलिया को 26 वोट मिले, जबकि भाजपा की निर्मला को मात्र 5 वोट प्राप्त हुए।
इस जीत के साथ ही दुलाराम इंदलिया श्रीगंगानगर के नए जिला प्रमुख बन गए हैं। चुनाव परिणाम की घोषणा के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें सांसद कुलदीप इंदौरा, श्रीकरणपुर विधायक रूपिंद्र सिंह कुनर, कांग्रेस प्रभारी जिया उर रहमान, विधायक सोहन नायक, जिलाध्यक्ष अंकुर मिगलानी और उप जिला प्रमुख सुदेश मोर सहित कई अन्य नेता शामिल थे। इस जीत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया है, और इसे लोकतंत्र की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सत्य की जीत, लोकतंत्र की जीत…कोर्ट के आदेश के बाद आज श्रीगंगानगर जिला प्रमुख के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी दुलाराम इंदौलिया जी ने 26-5 के बड़े अंतर से विजय प्राप्त की और सत्ता का दुरुपयोग करने वाली भाजपा को करारी शिकस्त मिली।
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव परिणाम नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता के विश्वास की जीत है। भाजपा पिछले 16 महीनों से षड्यंत्रपूर्वक जिला प्रमुख का चुनाव टालते रही, भाजपा ने अल्पमत में होने के बावजूद सत्ता का दुरुपयोग कर अपना जिला प्रमुख बनाए रखा।
उन्होने कहा कि लेकिन अंततः सत्य की विजय हुई और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जनता के अधिकारों को ताकत मिली। मुख्यमंत्री जी, घबराइए मत… हिम्मत करके भरतपुर जिला प्रमुख का चुनाव भी शीघ्र कराइए, ताकि जनता की आवाज़ का सम्मान हो और लोकतंत्र मजबूत बने।
बता दें, इस उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को पार्टी की एकजुटता और रणनीति का परिणाम माना जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को जनता के समर्थन और अपनी मेहनत का फल बताया। बताते चलें कि यह उपचुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि यह लंबे समय से लंबित था। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद यह चुनाव संभव हुआ था। श्रीगंगानगर में इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।