Sri Ganganagar News: श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में चाय की टपरी पर एक बुजुर्ग का शव मिला। सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर इलाके में दहशत फैल गई।
Sri Ganganagar Crime News: अनूपगढ़ (श्रीगंगानगर): राजस्थान के श्रीगंगानगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नेशनल हाइवे-911 पर स्थित एक चाय की टपरी पर 68 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बता दें कि मृतक के सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए अपनी जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पाली राम (68), निवासी बांडा कॉलोनी के रूप में हुई है। पालीराम पिछले काफी समय से नेशनल हाइवे पर स्थित अपने बहनोई साधुराम की चाय की दुकान (टपरी) पर काम करता था और वहीं रहता था।
रोजाना की तरह जब साधु राम दुकान पर पहुंचा तो उसने पालीराम को लहूलुहान और अचेत अवस्था में पाया। घटना की भयावहता को देखते हुए साधुराम ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही अनूपगढ़ थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तो पाया कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया था।
घटनास्थल पर बिखरा खून और हालात चीख-चीख कर किसी अनहोनी की गवाही दे रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी ने तुरंत FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को मौके पर बुलवाया, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। उन्होंने कहा, प्रथम दृष्टया मामला सिर पर गहरी चोट लगने के कारण हत्या का प्रतीत हो रहा है। हमने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। बताया जा रहा है कि परिजनों के पहुंचने और उनकी उपस्थिति के बाद ही पालीराम के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का खुलासा हो पाएगा।
नेशनल हाइवे जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस टपरी के आसपास रहने वाले लोगों और हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।