
Rajasthan Sri Ganganagar Border Heroin Seizure: श्रीगंगानगर: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सुजावलपुर की रोही में बिजाई के दौरान एक खेत में जमीन के नीचे दबा संदिग्ध पैकेट मिला। पुलिस ने पैकेट की जांच की तो उसमें 735 ग्राम हेरोइन निकली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब चार करोड़ रुपए आंकी गई है। सीमा के पास हेरोइन मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई।
हिन्दुमलकोट थाना पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को सुजावलपुर क्षेत्र के चक आठ बी में केदार के खेत में बिजाई की जा रही थी। इसी दौरान खेत में संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पैकेट के अंदर हेरोइन मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पैकेट काफी पुराना लग रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह खेप पांच से छह माह पहले सीमा पार से ड्रोन के जरिए खेत में गिराई गई थी। पुलिस के मुताबिक, संभव है कि खेप लेने कोई तस्कर नहीं पहुंचा और पैकेट लंबे समय तक खेत में दबा रहा। बिजाई के दौरान पैकेट मिलने से मामले का खुलासा हुआ।
हिन्दुमलकोट पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जांच सीआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस पता लगा रही है कि खेप किसने गिराई और उसे लेने कौन आने वाला था। आसपास के सीमावर्ती इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।