
Illegal Paddy Storage: सीमावर्ती इलाकों से धान की अवैध आवक और भंडारण पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को तोंगपाल में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यापारी के गोदाम से अनुमति से अधिक भंडारित करीब 80 क्विंटल धान पकड़ा। इसके बाद गोदाम को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया।
खाद्य निरीक्षक विक्रम नायडू ने बताया कि गुरुवार को संयुक्त जांच दल ग्राम पंचायत तोंगपाल स्थित मेसर्स कुशवाहा ट्रेडर्स के गोदाम पहुंचा। यहां प्रोपराइटर अर्पित कुशवाहा के गोदाम की जांच के दौरान लगभग 200 बोरी यानी 80 क्विंटल धान अनुमति से अधिक पाया गया। जांच के दौरान प्रोपराइटर मौके पर अनुपस्थित थे। इसके बाद तहसीलदार तोंगपाल अनिल ध्रुव की उपस्थिति में पंचगणों के समक्ष गोदाम को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया।
सुकमा जिले के सीमावर्ती इलाकों में ओडिशा से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिशों की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। तोंगपाल नेतानार और कोडरीपाल सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। अधिक मुनाफे के लालच में तस्करी की कोशिशें जारी हैं।
खाद्य निरीक्षक विक्रम नायडू ने बताया कि छिंदगढ़ क्षेत्र में अवैध धान परिवहन और भंडारण की सूचनाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जहां भी अवैध रूप से धान डंप होने की जानकारी मिलती है, वहां जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में तत्काल जांच और कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र ओडिशा की सीमा से लगा हुआ है, जहां से कुछ लोग बड़ी मात्रा में धान लाकर खपाने का प्रयास करते हैं। विभागीय टीम ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।