सुलतानपुर जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला
सुलतानपुर. बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक की पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं जो भी आता उसे पीटता। पिटाई कर रहे लोगों ने उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया। इस दौरान वह खुद को निर्दोष बताता रहा। उसकी कातर चीखें सुनकर भी लोगों के मन में दया नहीं आई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बंधन से मुक्त कराया और फिर छोड़ दिया। लेकिन, पीटने वालों को कोई कार्रवाई नहीं की।
मामला है सुलतानपुर जनपद के कोतवाली देहात के अहिमाने स्थित ब्रह्मजीतपुर गांव का है। यहां बकरी चोरी किये जाने के शक में रामकुमार विश्वकर्मा नाम के एक युवक को तालिबानी सजा दी गई। शनिवार को बकरी चोरी के शक में गांव के कुछ क्रूर लोगों ने रामकुमार विश्वकर्मा (28वर्ष) नामक युवक को मारपीट कर नीम के पेड़ से बांध दिया। इतने पर भी जब मन नहीं भरा तो उल्टा टांग दिया। सजा के दौरान युवक मिन्नतें करता रहा, लेकिन उसकी एक न सुनी गई। पुलिस पहुंची तो जरूर, लेकिन सबूत नहीं मिलने बात कहकर बिना पीड़ित की सुने चलती बनी। इस संबंध में सीओ लम्भुआ सतीश कुमार शुक्ल ने कहा कि इस घटना की जानकारी नहीं है। जानकारी होने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।