
रामानुजनगर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र से सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर कथित रूप से 16 लाख रुपए ठगी (Fraud in the name of job) करने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पीडि़त ने थाने में करते हुए कार्रवाई की मांग की है। रुपए देने के संबंध में पीडि़त ने पुलिस के सामने बैंक स्टेटमेंट भी पेश किया है। उसने कहा है कि उसके बेटे, बहू और नाती को सरकारी नौकरी लगाने का झांसा आरोपित पति-पत्नी द्वारा दिया गया था। वर्ष 2021 में उसने अलग-अलग तिथि पर बैंक के माध्यम से उक्त राशि दी थी। जब नौकरी नहीं लगी तो उसने रुपयों की मांग की, लेकिन आरोपितों द्वारा गाली-गलौज करने के साथ ही मारपीट की धमकी दी जाने लगी। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लिया है।
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेजपुर निवासी बिरंजन ने 24 सितंबर को पुलिस (Surajpur police) को दी गई शिकायत में बताया है कि उसके पुत्र, नाती और बहू को शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर बुजलाल लकड़ा एवं उसकी पत्नी संतोषी लकड़ा द्वारा कुल 16 लाख रुपए लिए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2021 में अलग-अलग तारीखों पर बैंक के माध्यम से कुल 16 लाख रुपए दिए गए।
इसके बाद नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन लंबे समय तक नियुक्ति आदेश नहीं मिलने पर उसने अपनी राशि वापस मांगी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि राशि वापस मांगने पर कथित रूप से गाली-गलौज एवं मारपीट की धमकी दी गई। आवेदन में बताया गया है कि इस संबंध में पूर्व में भी थाने में शिकायतें (Fraud case) दी गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं आवेदन में अगस्त 2025 में साइबर थाना सूरजपुर में शिकायत किए जाने का भी उल्लेख है।
शिकायतकर्ता बिरंजन ने थाना प्रभारी रामानुजनगर से बृजलाल लकड़ा एवं संतोषी लकड़ा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उसने कहा कि पति-पत्नी के खिलाफ कार्रवाई के अलावा उनके द्वारा दिए गए 16 लाख रुपए उन्हें वापस दिलाया जाए। उसने आवेदन के साथ बैंक स्टेटमेंट की छायाप्रति भी थाने में जमा की है।
बता दें कि सरकारी नौकरी (Government Job) लगाने के नाम पर आए दिन ठगी के मामले सामने आते रहते हैं। लोगों को चाहिए कि वे ऐसे किसी भी व्यक्ति पर भरोसा न करें, जो ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए सरकारी नौकरी लगवाने की बात कहे।