
बिश्रामपुर। सूरजपुर जिले के करंजी चौकी अंतर्गत राई जंगल मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात सडक़ हादसे (Surajpur accident) में 2 युवकों की मौत हो गई। दरअसल दोनों युवक बाइक पर सवार होकर ग्राम राई जा रहे थे, इस दौरान सडक़ पर बंद हालत में ट्रेलर खड़ा था। अंधेरे की वजह से ट्रेलर उन्हें दिखाई नहीं दिया और तेज रफ्तार बाइक उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक अलग-अलग गांव के निवासी थी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों के परिजनों व गांवों में मातम पसर गया। शुक्रवार को पीएम पश्चात दोनों का शव परिजन को सौंपा गया।
सूरजपुर जिले के करंजी पुलिस ने बताया कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तेलाईमुड़ा निवासी 20 वर्षीय बीरपाल यादव और लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम करसू निवासी 21 वर्षीय संजय कुमार यादव गुरुवार शाम रिश्तेदारी में ग्राम राई जा रहे थे। बीरपाल अपनी बाइक क्रमांक सीजी 16 सीए 4578 चला रहा था, जबकि संजय (Surajpur Accident News) पीछे बैठा था।
रात करीब 8.30 बजे जब दोनों राई जंगल के मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे, इसी बीच सडक़ पर पहले से खड़े एक ट्रेलर क्रमांक सीजी 16 ए 2538 से उनकी तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। परिजनों का आरोप है कि ट्रेलर चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक सडक़ पर खड़ा कर रखा था और उसमें न तो कोई इंडिकेटर जल रहा था और न ही पीछे कोई रेडियम या चेतावनी संकेत दिखाई दे रहा था।
अंधेरे में ट्रेलर नजर नहीं आने से बाइक सीधे उसके पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े और उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
हादसे में 2 युवकों की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि ट्रेलर पर इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर लगे होते तो संभवत: यह हादसा टल सकता था और दो युवाओं की जान (Death in road accident) बच सकती थी।
दोनों युवकों की असमय मौत से ग्राम तेलाईमुड़ा और करसू में शोक की लहर है। शुक्रवार को पीएम पश्चात दोनों युवकों का शव परिजन को सौंप दिया गया। दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।