सुरजपुर

Surajpur Loot: शिक्षक के घर लूटकांड का पर्दाफाश, गिरोह में शामिल 2 महिला समेत 6 सदस्य गिरफ्तार, 200 सीसीटीवी खंगाले

Surajpur loot case: सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अधिना सलका में लूट की वारदात को दिया था अंजाम, आरोपियों के पास से 4.60 लाख की संपत्ति जब्त
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 7:30 PM IST
Surajpur loot case solved
Surajpur Loot, पुलिस गिरफ्त में लूट के सभी आरोपी व जब्त कार (Photo- Patrika)

भटगांव। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अधिना सलका में एक शिक्षक के घर लूट (Loot in Surajpur) की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 60 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की है। पकड़े गए आरोपी बादी गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं।

27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1.30 बजे ग्राम अधिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह के घर 4 अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर स्कार्फ बांधकर पहुंचे। आरोपियों ने चैनल गेट का ताला तोडक़र घर में प्रवेश किया और परिवार को आतंकित करते हुए बच्चों के गले पर चाकू रख दिया। जान से मारने की धमकी (Threat to kill) देकर आरोपियों ने अलमारी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपए नकद और राधेश्याम सिंह की पत्नी का मोबाइल लूट लिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर भटगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी जांच का सहारा लिया। घटनास्थल से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

Surajpur Loot, लुटेरों से जब्त सामान (Photo- Patrika)

इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार पुलिस की नजर में आई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर कार की आवाजाही का पीछा किया और जांच को आगे बढ़ाते हुए गिरोह के सदस्यों (Loot gang) तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

Loot gang arrested: ये 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में हुलेश्वर दास (35), देवकरण दास उर्फ विजय दास (26), विकास दास (23), संतु दास (30), शारदा चौहान (37) और सोनू कुमारी (25) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी सूरजपुर के मार्गदर्शन में भटगांव थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा सहित विवेकानंद सिंह, सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी, विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर व रजनीश पटेल शामिल रहे।

नकदी, मोबाइल, चाकू और कार जब्त

पुलिस ने आरोपियों (Loot accused) के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपए नकद, एक ओप्पो मोबाइल, 6 अन्य मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त चाकू, चेहरे पर बांधने वाले चार स्कार्फ तथा मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 10 एफए-6395 जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।

Updated on:
7 Nov 2026, 7:30 PM IST
Published on: