Big incident: ठंड से बचने परिवार ने जला रखी थी सिगड़ी, सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को किसी अनहोनी की हुई आशंका
सूरजपुर। ठंड से बचने की कोशिश एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बन गई। दरअसल सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चन्द्रपुर में मंगलवार रात बंद कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए पति-पत्नी और उनकी 4 वर्षीय मासूम बच्ची की दम घुटने से मौत (Big incident) हो गई। बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोडक़र भीतर पहुंचे लोगों ने देखा कि तीनों अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में कमरे में भरी जहरीली गैस, संभवत: कार्बन मोनोऑक्साइड को मौत का कारण माना जा रहा है। जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उसमें न खिडक़ी थी और न ही रोशनदान। रातभर सिगड़ी (Big incident) से निकली गैस कमरे में भरती गई और तीनों की सांसें थम गईं। मृतकों में 28 वर्षीय कवल सिंह, उसकी 25 वर्षीय पत्नी कुंती और 4 साल की मासूम बेटी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी तत्काल चन्द्रपुर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। विधायक ने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मुआवजा प्रक्रिया (Big incident) प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
साथ ही शासन की ओर से उपलब्ध प्रावधानों के तहत हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। परिजनों को उन्होंने ढांढ़स बंधाया और ग्रामीणों से अपील की कि ठंड के मौसम में सिगड़ी या अंगीठी का उपयोग करते समय कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन अवश्य रखें।
सुबह जैसे ही तीनों की मौत (Big incident) की खबर गांव में फैली, चन्द्रपुर शोक में डूब गया। एक साथ तीन अर्थियां उठीं तो हर आंख नम हो गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार कवल सिंह मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था।
परिवार खुशहाल थाए लेकिन एक छोटी सी असावधानी ने सब कुछ छीन लिया। हर घर में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है और लोग अफसोस जता रहे हैं कि यदि कमरे में वेंटिलेशन की व्यवस्था होती तो शायद यह हादसा टल सकता था।