
बिश्रामपुर। सूरजुपर जिले के बिश्रामपुर एसईसीएल द्वारा अनुबंधित स्कूल बस में कथित रूप से मुफ्त यात्रा को लेकर एक निजी सुरक्षा गार्ड और बस चालक के बीच 3 अगस्त को विवाद हो गया था। इस पर गार्ड (Security guard) ने बस को रास्ते में रुकवाया और उसपर चढ़ गया। इसके बाद उसने बस ड्राइवर के ऊपर बंदूक तान दी और उसकी पिटाई (Pointing gun and beaten) कर दी थी। इस दौरान बस में कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी सवार थे। यह देख छात्राएं दहशत में आ गईं, जबकि छात्रों ने बीच-बचाव किया। बस में मौजूद छात्रों ने ही मोबाइल पर घटना का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बस ड्राइवर की रिपोर्ट पर बिश्रामपुर पुलिस ने गार्ड के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर पुलिस के अनुसार 3 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे एसईसीएल अनुबंध की स्कूल बस (SECL school bus) कॉलेज के छात्र-छात्राओं को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। इसी दौरान आरटीआई कॉलोनी निवासी निजी सुरक्षा गार्ड मंगला यादव ने बस को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक रविंद्र पासवान बस नहीं रोकी। उसने कहा कि यह स्कूल बस है, वह रास्ते में नहीं रोक सकता और किसी को नहीं बैठा सकता।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद गार्ड ने एक राहगीर की बाइक से बस का पीछा शुरु कर दिया। बस को उसने भटगांव मार्ग स्थित काली मंदिर के पास रुकवा लिया। बस रुकते ही वह उस पर चढ़ गया और ड्राइवर से विवाद शुरु कर दिया। बस चालक ने कहा कि छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने वाली बस है, वह नहीं रोक सकता। इतना सुनते ही गार्ड ने उसके ऊपर बंदूक तान (Pointing gun at the driver) दी और गाली देते हुए उसकी पिटाई शुरु कर दी।
घटना के दौरान बस में करीब 10 छात्र-छात्राएं सवार थे। बस चालक की पिटाई और बंदूक देखकर छात्राएं दहशत में आ गईं। वे छुड़ाने की गुहार लगाने लगीं। इस पर कुछ छात्रों ने हिम्मत दिखाई। वहीं बाइक सवार (जिसकी बाइक पर गार्ड बैठकर आया था) ने भी बीच-बचाव कर बंदूक छिनी और बीच-बचाव किया।
घटना की जानकारी बस चालक ने एसईसीएल प्रबंधन (SECL Bishrampur) को देने के बाद बिश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दी। रिपोर्ट पर पुलिस ने गार्ड के खिलाफ बीएनएस की धारा 30 आम्र्स एक्ट, 115 (2), 126 (2), 296 (बी) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।