
प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवटी पुलिस चौकी इन दिनों गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। इसी बीच सोशल मीडिया पर चौकी के भीतर वायरल एक वीडियो (Bribe taken video viral) ने वहां पदस्थ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कथित तौर पर चौकी परिसर में बैठा एक प्रधान आरक्षक रुपए लेते दिख रहा है। हालांकि वीडियो की सत्यता और लेन-देन की वास्तविक परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन इसने पुलिस विभाग की निगरानी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। बताया जा रहा है कि वाहन चालकों से पुलिस द्वारा ऐसी वसूली आम है। इसी बीच रुपए देने के दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के हवाले से आरोप लगाए जा रहे हैं कि रेवटी चौकी (Revati Police chowki) क्षेत्र में चेकिंग के नाम पर रात भर वाहनों को रोककर कथित अवैध वसूली की जाती है। भारी वाहनों सहित अन्य गाडिय़ों से रोजाना हजारों रुपये वसूलने का खेल चलता है। चेकिंग के दौरान सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने और जाम की स्थिति बनने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
सवाल यह है कि यदि चेकिंग यातायात और सुरक्षा के लिए है तो फिर उसकी आड़ में कथित वसूली के आरोप क्यों उठ रहे हैं? मामला केवल वाहनों की चेकिंग तक सीमित नहीं बताया जा रहा। जमीन संबंधी विवादों और अन्य मामलों में कार्रवाई प्रभावित करने, शिकायतों को दबाने अथवा मामले को रफा-दफा करने के नाम पर कथित रूप से हजारों रुपये मांगने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
बड़ा सवाल चौकी प्रभारी संतोष सिंह (Chaoki In-charge) की भूमिका को लेकर उठ रहा है कि कहीं उनके संरक्षण में तो उनके मातहत वसूली कर रहे हैं।
वायरल वीडियो के आधार पर क्षेत्र के लोगों ने सूरजपुर पुलिस अधीक्षक से इसकी तकनीकी जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में एसपी योगेश कुमार पटेल ने जांच के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की बारीकी से जांच होगी, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई (Strict action) की जाएगी।