
सूरजपुर/अंबिकापुर। सूरजपुर व अंबिकापुर में आयकर विभाग (Income Tax Raid) की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हडक़ंप मच गया है। दोनों शहर में बुधवार की सुबह शुरू हुई आयकर विभाग की छापेमारी को 9 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी कार्रवाई लगातार जारी है। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें सूरजपुर के 5 व अंबिकापुर के 2 ठिकानों पर एक साथ पहुंचकर दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई के दायरे में पीआरए ग्रुप से जुड़े ठिकाने भी शामिल हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले के व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
आयकर विभाग की टीम बुधवार सुबह करीब 6 बजे लगभग 12 गाडिय़ों में सवार होकर सूरजपुर पहुंची। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के करीब 25 अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम ने एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई इतनी सुनियोजित तरीके से की गई कि संबंधित प्रतिष्ठानों और परिसरों में जांच शुरू होने के बाद ही इसकी जानकारी बाहर आ सकी।
इसके बाद से ही आयकर विभाग (Income Tax Department) की टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं। इसके अलावा 2 टीम ने अंबिकापुर के एमजी रोड पर भी स्थित मकान व ब्रम्ह रोड स्थित बर्बरिक प्रोजेक्ट के कार्यालय में जांच की। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की कार्रवाई में पीआरए ग्रुप से जुड़े कुल 3 ठिकानों को जांच के दायरे में लिया गया है। इनमें बर्बरीक प्रोजेक्ट का कार्यालय और 2 आवासीय परिसर शामिल हैं।
यहां विभागीय अधिकारी कारोबार से संबंधित दस्तावेजों, आय-व्यय के ब्यौरे, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहे हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य उपलब्ध दस्तावेजों और घोषित वित्तीय विवरणों का मिलान करना बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार आयकर चोरी की आशंका और आरोपों के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अब तक जांच के संबंध में कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी अथवा संभावित कर चोरी की राशि का खुलासा सामने नहीं आया है। फिलहाल अधिकारी सभी ठिकानों पर उपलब्ध दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटे हुए हैं।
फिलहाल सूरजपुर में आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को लेकर कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं। विभागीय जांच (Departmental inquiry) पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन वित्तीय अनियमितताओं अथवा कर संबंधी गड़बडिय़ों को लेकर कार्रवाई की गई और जांच में क्या तथ्य सामने आए।
वहीं आयकर विभाग की कार्रवाई का दूसरा महत्वपूर्ण केंद्र नयनपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित साकेत राइस मिल है। बताया जा रहा है कि यह राइस मिल एक बड़े भाजपा नेता के भाई से जुड़ी है। विभाग की टीम ने राइस मिल के साथ उसके मालिक के निवास पर भी पहुंचकर जांच शुरू की है। यहां भी कारोबार से संबंधित दस्तावेजों, आय-व्यय के रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। इस तरह शहर और औद्योगिक क्षेत्र के कुल पांच ठिकाने आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं।
छापेमारी (Raid) के दौरान आयकर विभाग की टीमें केवल कागजी दस्तावेजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है। परिसरों में मौजूद कंप्यूटर, लैपटॉप, पेनड्राइव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में सुरक्षित कारोबारी जानकारियों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों द्वारा वित्तीय लेन-देन, खातों के विवरण, कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच में इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
कार्रवाई का दायरा एक साथ पांच ठिकानों पर जांच और दस्तावेजों की संख्या को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई दो से तीन दिनों तक चल सकती है। हालांकि जांच कितने समय तक जारी रहेगी, यह अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की पड़ताल और सामने आने वाले तथ्यों पर निर्भर करेगा।