सुरजपुर

150 ग्रामीणों पर FIR दर्ज! मदननगर हिंसा में SDOP समेत कई पुलिसकर्मी हुए थे घायल, अब होगा बड़ा एक्शन

Police Team Attacked in Surajpur: सूरजपुर के मदननगर में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना में एसडीओपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
2 min read
Jul 28, 2026
Madannagar Violence Case
Madannagar Violence Case: 150 ग्रामीणों पर FIR दर्ज(photo-patrika)

Madannagar Violence Case: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। 24 जुलाई को हुई घटना में पुलिस ने 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इस हमले में एसडीओपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Surajpur Police Attack: पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस बल का विरोध करते हुए लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में एसडीओपी, महिला पुलिसकर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक जवान घायल हो गए। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

भूमि अधिग्रहण के विरोध से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि मदननगर और धरमपुर क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से एसईसीएल की प्रस्तावित कोयला खदान के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे। इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान उनके साथ कोई राजस्व या सर्वे टीम मौजूद नहीं थी और पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से गांव पहुंची थी।

पुलिस पर हमले के बाद दर्ज हुई FIR

मदननगर हिंसा के बाद पुलिस ने 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इलाके में तनाव, 500 से ज्यादा जवान तैनात

घटना के बाद से पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पांच जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। वर्तमान में करीब 500 पुलिसकर्मी क्षेत्र में तैनात हैं। वहीं, ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं और सरपंच पुत्र की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
28 Jul 2026 12:50 pm
Published on:
28 Jul 2026 12:50 pm