
सूरजपुर/बिहारपुर। चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में तेज रफ्तार गिट्टी लोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से 17 अक्टूबर की दोपहर स्कूटी सवार महिला चंद्रावती जायसवाल की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद बने तनाव की खबर मिलते ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े (Minister Laxmi Rajwade) मंगलवार को कुबेरपुर गांव में पीडि़त परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने अपनी गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव न्याय व मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस-प्रशासन को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यह दोहरी नीति है। आपने क्रशर प्लांट में आग लगाने वाले 6 ग्रामीणों पर अपराध दर्ज कर उन्हें तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन क्रशर प्लांट के वैद्यता व अन्य मामले की जांच नहीं की।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि क्षेत्र की एक महिला की इस प्रकार सडक़ हादसे (Road Accident) मृत्यु असहनीय है। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मंत्री ने पुलिस अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों को एक साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा निर्दोष लोगों को पकडऩे, घरों से उठाने और एकतरफा कार्रवाई की शिकायत की।
इस पर मंत्री ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि गिट्टी लोड कर तेज रफ्तार ट्रैक्टर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहा था, इसके बावजूद पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और अवैध परिवहन को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
इस पर मंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि घटना से आक्रोशित निर्दोष ग्रामीण आपको तो तुरंत दिख गए कि उन्होंने आगजनी की, लेकिन जिस ट्रैक्टर और क्रशर की वजह से महिला की जान गई, वह वैध था या अवैध, यह अब तक आप लोगों को पता नहीं चला? ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ अवैध गतिविधि का मामला क्यों नहीं दर्ज किया गया? उन्होंने पुलिस (Surajpur Police) की इस दोहरी नीति और पक्षपातपूर्ण रवैये पर भारी नाराजगी जताई।
मंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से पूछा कि हादसा दोपहर 12 बजे हुआ था, जबकि आक्रोश और आगजनी की घटना शाम 6 से 7 बजे के आसपास हुई। इस बीच के 5-6 घंटों में पुलिस-प्रशासन क्या कर रहा था? समय रहते स्थिति को संवाद के जरिए नियंत्रित क्यों नहीं किया गया? मंत्री ने दो-टूक कहा कि यह पूरी तरह से प्रशासनिक विफलता और घोर लापरवाही है, जिसे समय रहते टाला जा सकता था।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अधिकारियों को कहा कि गिट्टी लोड ट्रैक्टर के दस्तावेज, क्रशर (Crusher Plant) संचालन और अवैध परिवहन की गहन जांच हो तथा ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने निर्दोष ग्रामीणों को छोडऩे की बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस कस्टडी में मारपीट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता मेरा परिवार है। अपने लोगों के साथ किसी भी सूरत में अन्याय नहीं होने दूंगी। जब तक हर निर्दोष ग्रामीण को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक मजबूती से खड़ी रहूंगी।