Road accident: हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने शुरु किया विरोध प्रदर्शन, सूचना मिलते ही पहुंची प्रशासनिक टीम, दी गई तत्काल सहायता राशि तो चक्काजाम हुआ समाप्त
दतिमा मोड़। सूरजपुर जिले के करंजी-झूमरपारा मार्ग पर बुधवार की दोपहर पैदल जा रही एक महिला को कोयला लोड ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इससे महिला गिर गई और ट्रेलर के पहिए से कुचल कर उसकी मौत (Road accident) हो गई। हादसे के बाद गुस्साए महिला के परिजनों व ग्रामीणों ने सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस अमला पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश दी। 25 हजार की तत्काल सहायता राशि व मुआवजा के आश्वासन के बाद चक्काम समाप्त हुआ।
सूरजपुर जिले के करंजी चौकी अंतर्गत ग्राम करंजी निवासी मानमति पति स्व. पारस राम 48 वर्ष (Road accident) बुधवार की दोपहर करीब 1 बजे अपने घर से पैदल नवापारा स्थित रिश्तेदार के यहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चल रहे कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक सीजी 15 ईए-6899 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में महिला ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत (Road accident) हो गई। बताया जा रहा है कि महिला सिर पर धान की बोरी रखे हुए थी। संकरे मार्ग में बोरी ट्रेलर के बॉडी से टकराने पर वह संतुलन खो बैठीं और हादसे का शिकार हो गईं। घटना दोपहर करीब 1 से 1.30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही लटोरी तहसीलदार सूर्यकांत साय और एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की।
अधिकारियों ने मृतका (Road accident) के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रेलर हर्ष इंटरप्राइजेज का बताया जा रहा है।