
रामानुजनगर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दवना निवासी एक प्रधानपाठक की लाश (Teacher death) मंगलवार की सुबह कुएं में मिली। उनका मोबाइल कुएं के पास ही पड़ा हुआ था। कुएं से शव निकालने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात परिवार के सभी सदस्य जब सो रहे थे तो वे जगे हुए थे। बेटा कमरे में पहुंचा तो बताया कि नींद नहीं आ रही है। वहीं तनाव में रहने की भी बात कही। सुबह जब बेटा कमरे में पहुंचा तो शिक्षक बिस्तर पर नहीं थे। जब खोजबीन शुरु की गई तो कुएं में उनकी लाश मिली। शिक्षक की मौत से उसके परिजनों में मातम पसरा हुआ है। शिक्षक कुएं में गिर गए या और कोई बात है, इसकी जांच की जा रही है।
रामानुजनगर के ग्राम दवना निवासी सुखलाल सिंह शिक्षक थे। वे शासकीय मिडिल स्कूल द्वारिकापुर में प्रधानपाठक के पद पर पदस्थ थे। उनकी मंगलवार की सुबह कुएं में लाश (Teacher body found in well) मिली। इस संबंध में बेटे राहुल का कहना है कि सोमवार की रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2 बजे वह कमरे में पहुंचा तो पिता को बिस्तर पर बैठे देखा।
बातचीत के दौरान पिता ने नींद नहीं आने और तनाव (Teacher in tension) में रहने की बात कही। कुछ देर बाद वे पुन: बिस्तर पर लेट गए। इसके बाद राहुल भी दूसरे कमरे में जाकर सो गया। सुबह करीब 6 बजे राहुल ने कमरे में जाकर देखा तो पिता बिस्तर पर नहीं हैं। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल नहीं उठा।
आसपास तलाश करने पर मोबाइल घर के पास ही स्थित कुएं के पास पड़ा मिला। किसी अनहोनी की आशंका पर उन्होंने कुएं में झग्गर डाला तो शिक्षक का शव फंस गया। इसके बाद शव निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर पीएम पश्चात शव उन्हें सौंप दिया।
शिक्षक के परिजनों का कहना है कि शिक्षक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहते थे और उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता था। आशंका जताई जा रही है कि सुबह पानी भरने के दौरान पैर फिसलने से वे कुएं में गिर (Teacher fell into the well) गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हो गई। शिक्षक सुखलाल सिंह के आकस्मिक निधन से परिजनों समेत शिक्षक के स्कूल व सहकर्मियों में शोक की लहर फैल गई है।