सुरजपुर

Surajpur News: बेकाबू ट्रेलर ने ऑटो और स्कूटी को मारी टक्कर, एक घायल, भडक़े लोगों ने 2 घंटे तक किया चक्काजाम

Surajpur Accident News: कोयला-राखड़ लोड भारी वाहनों के खिलाफ स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन, प्रशासन ने सुबह 6 से रात 10 बजे तक आवागमन नियंत्रित करने का दिया लिखित आश्वासन
3 min read
People blockade road after accident
Surajpur News, ट्रेलर की टक्कर से क्षतिग्रस्त ऑटो रिक्शा व चक्काजाम करते लोग (Photo- Patrika)

विश्रामपुर। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर-भटगांव मुख्य मार्ग पर शुक्रवार दोपहर नगर पंचायत कार्यालय के समीप कोयला परिवहन कर रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने ऑटो और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे (Surajpur accident) में ऑटो चालक चोपड़ा कालोनी निवासी धर्मेंद्र गुप्ता को कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने मार्ग पर लगातार दौड़ रहे कोयला और राखड़ लोड भारी वाहनों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए करीब 2 घंटे तक चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के साथ घायल के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एसईसीएल का कोयला परिवहन कर रहा ट्रेलर क्रमांक सीजी 15 ईएल 6617 विश्रामपुर-भटगांव मार्ग से गुजर रहा था। नगर पंचायत विश्रामपुर कार्यालय के समीप चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद सडक़ किनारे खड़ी स्कूटी को भी ट्रेलर ने टक्कर (Trailer collided scooty) मार दी। दुर्घटना में ऑटो चालक धर्मेंद्र गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया।

बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के समीप सडक़ पर बैठकर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने कोयला एवं राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने तथा घायल ऑटो चालक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। चक्काजाम की सूचना पर लटोरी तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल और पिलखा नायब तहसीलदार मीना सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना।

Surajpur News, प्रदर्शनकारियों को समझाइश देतीं महिला अधिकारी (Photo- Patrika)

काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन की ओर से भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने संबंधी लिखित पत्र जारी किया गया। प्रदर्शन (Protest) में युकां नेता अभिषेक सिंह सोमू, भाजपा नेता इंजी. विनय सिंह, जेपी यादव, अमरेश सिंह, दीनानाथ यादव, संजय सोनी, विकास सिंह, आशीष यादव, संजीत यादव, अवनीश सिंह विधायक, अंकित सिंह चौहान, दिलीप सोनी, प्रकाश कुर्रे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सुबह 6 से रात 10 तक रहेगा प्रतिबंध!

पिलखा नायब तहसीलदार मीना सिंह ने पुलिस थाना बिश्रामपुर के थाना प्रभारी एवं यातायात प्रभारी को भेजे पत्र में मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों, कोल परिवहन में लगे ट्रिप ट्राला तथा फ्लाई ऐश परिवहन में लगे वाहनों के आवागमन को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित-नियंत्रित करने तथा आवश्यकतानुसार यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का उल्लेख किया है। पत्र में सडक़ दुर्घटना और उसके बाद हुए चक्काजाम का भी हवाला दिया गया है। प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।

Surajpur News, चक्काजाम से सडक़ पर लगी वाहनों की लाइन (Photo- Patrika)

Surajpur accident case: बाल-बाल बची स्कूटी सवार युवती

जिस स्कूटी को ट्रेलर ने टक्कर मारी, उसे एक युवती सडक़ किनारे खड़ी कर पास की दुकान में सामान लेने गई थी। घटना के वक्त युवती स्कूटी पर मौजूद नहीं थी, जिससे बड़ी घटना टल गई। हादसे (Road accident) के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोगों के साथ विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई। हालात बिगड़ते देख विश्रामपुर थाना प्रभारी रूपेश कुंतल एक्का पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित की।

भारी वाहनों की आवाजाही से आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि विश्रामपुर-भटगांव मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला और राखड़ लोड ट्रक-ट्रेलर गुजरते हैं। भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार आवाजाही के कारण मार्ग पर हमेशा दुर्घटना (Accident) का खतरा बना रहता है। लोगों के मुताबिक इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व में भी जिला प्रशासन और पुलिस को कई बार ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।

Updated on:
11 Sept 2026 09:03 pm
Published on:
11 Sept 2026 09:03 pm