कब्जे से ठगी के आठ लाख रुपए बरामद किए
सूरत.
एमएस ऑर्थो में प्रवेश दिलवाने के बहाने तेरह लाख रुपए की ठगी के मामले में क्राइम ब्रांच ने रविवार को दो जनों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ठगी के आठ लाख रुपए बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक बनासकाठा जिले के नादोतरा गांव निवासी जाकिर हुसैन नागौरी और अहमदाबाद बोपल निवासी आकाश डाभी ने एक अन्य विजय के साथ मिलकर कतारगाम हरेकृष्ण सोसायटी निवासी डॉ. अजय बटुक जसाणी के साथ ठगी की थी। उन्होंने एक गुजराती दैनिक में विज्ञापन देकर एमएस कॉलेजों में प्रवेश दिलवाने का दावा किया था। विज्ञापन देखकर रशिया में एमबीबीएस कर चुके अजय ने एमएस ऑर्थो में प्रवेश के लिए उनसे संपर्क किया। अहमदाबाद में मुलाकात के दौरान उन्होंने ६५ लाख रुपए में दक्षिण भारत के एम.एस. कॉलेज में प्रवेश दिलवाने का वादा किया। २०१७ में उन्होंने अलग-अलग समय विभिन्न बहानों से उससे तेरह लाख रुपए ऐंठ लिए। बाद में रायचूर के कॉलेज में एडमिशन तय हो जाने की बात बताकर उसे रायचूर भेजा। कॉलेज पहुंचने पर प्रबंधन ने अजय से ९० लाख रुपए फीस मांगी। अजय ने तीनों आरोपियों के साथ हुई बातचीत और उन्हें दिए १३ लाख रुपए के बारे में बताया तो प्रबंधन ने बताया कि उनके कोई एजेंट नहीं हैं। फीस ९० लाख रुपए ही है। अजय ने कुछ दिन पहले तीनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इसके आधार पर पुलिस ने शनिवार रात जाकिर और आकाश को गिरफ्तार कर लिया।
9.32 लाख का गांजा बरामद
सूरत. वराछा पुलिस ने शनिवार को अश्विनी कुमार रोड पर रेलवे ट्रेक के पास एक इंडस्ट्रियल सोसायटी में खुली जगह से 9.32 लाख रुपए का 156 किलो गांजा लावारिस हालत में बरामद किया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस रेलवे ट्रेक के पास जांच कर रही थी। पटेलनगर के पीछे वसुंधरा इंडस्ट्रियल सोसायटी के खुले मैदान में गांजे से भरे पैकेट बरामद हुए। गांजे का जत्था किसने छिपाकर रखा था, यह पता नहीं चल पाया है।