पांडेसरा इलाके में दो अलग-अलग घटनाओं में ऑटो रिक्शा एवं बाइक से आए लुटेरों ने तीन जनों पर हमला कर उनसे कीमती सामान लूट लिया। पुलिस के मुताबिक उत्तरप्रदेश के चंदौली जिले के तारगांव निवासी घनश्याम पुत्र रामनिवास यादव को एक ऑटो रिक्शा चालक समेत तीन जनों ने लूट लिया। सुबह साढ़े चार बजे वह पांडेसरा जाने के लिए उधना स्टेशन से एक ऑटो रिक्शा में सवार हुआ। रिक्शा में चालक समेत तीन जने सवार थे। ऑटो रिक्शा भेस्तान जीआईडीसी स्थित तनु गैस एजेन्सी के निकट पहुंचने पर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पीछे बैठे दो युवकों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने उसे रिक्शा से उतार दिया और डरा धमका कर दो मोबाइल फोन, दो हजार रुपए नकद व अन्य कागजात लूट लिए और फरार हो गए। इसी तरह से उन पाटिया भिंडीबाजार निवासी परवेज अंसारी व नवीन नाम के एक श्रमिक से तीन युवकों ने उनके पर्स लूट लिए। परवेज शुक्रवार सुबह सवा छह बजे वर्षा मिल के निकट से गुजर रहा था। उस दौरान युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए युवकों ने उस पर चाकू से हमला किया और उसका पर्स लूट लिया। उसके बाद कुछ ही दूरी पर मिल से काम खत्म कर निकल रहे नवीन को रोका और उस पर भी चाकू से हमला कर उसका पर्स लूट लिया और फरार हो गए।