टीकमगढ़

‘पत्नी को परेशान करता था’, 80 किलो का पत्थर बांधकर कुएं में फेंका शव

Niwari Murder Case Solved: पत्नी को परेशान करता था युवक, पति ने दो भाइयों के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश, हत्या कर 80 किलो का पत्थर बांध कर कुएं में फेंका।
2 min read
NIWARI
man murdered body thrown into well with 80 kg stone four arrested, कुएं से शव निकालती पुलिस (Source-patrika)

Niwari Murder Case: मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में हत्या का एक चौंका देने वाला खुलासा हुआ है। कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार की रात घर से लापता हुए 32 वर्षीय महेंद्र कुशवाहा का शव शुक्रवार सुबह मडोरी गांव के एक कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हत्या के मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला को लगातार परेशान करता था। ऐसे में उसके पति ने अपने भाईयों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।

कॉल डिटेल से मिला सुराग

मडोरी निवासी महेंद्र कुशवाहा सोमवार रात घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो अंतिम बातचीत मंडोली निवासी पुष्पेंद्र कुशवाहा से होना सामने आया। इस पर पुलिस ने पुष्पेंद्र से पूछताछ की तो पहले तो उसने इंकार किया और फिर अपनी पत्नी से बात होने की संभावना जताई। इस पर पुलिस ने उसकी पत्नी सुखदेवी से पूछताछ की।

पति-पत्नी के हाथ पर काटने के निशान से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को पुष्पेंद्र के हाथ पर और उसकी पत्नी सुखदेवी की उंगली पर दांत से काटे जाने के निशान मिले। जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने पूरी घटना स्वीकार कर ली। पुष्पेंद्र ने बताया कि महेंद्र उसकी पत्नी को लगातार परेशान करता था और खेत में मिलने का दबाव बनाता था। इसी वजह से वह अपने परिवार के साथ मजदूरी के लिए बाहर भी चला गया था, लेकिन गांव लौटने के बाद भी महेंद्र की हरकतें जारी रहीं।

'सोमवार को फोन कर मिलने बुला रहा था'

आरोपी पुष्पेंद्र ने बताया कि सोमवार रात को महेंद्र ने फिर फोन कर सुखदेवी को खेत में बुलाया। सुखदेवी ने इसकी जानकारी पुष्पेंद्र को दी। ऐसे में परेशान होकर पुष्पेंद्र ने अपने भाई बृजेश (22) और सतीश (20) को बुलाकर पूरी घटना बताई और महेंद्र को सबक सिखाने की योजना बनाई। इस पर तीनों ने पहले सुखदेवी को खेत पर भेज दिया। वहां महेंद्र ने जैसे ही उसे पकड़ा वैसे ही पुष्पेंद्र और उसके दोनों भाइयों ने उसकी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महेंद्र ने पुष्पेंद्र के हाथ में और सुखदेवी की उंगली पर दांत से काट लिया था।

पत्थर बांध कर शव छिपाने कुएं में फेंका

मारपीट में महेंद्र को गंभीर चोट आने से मौत हो गई। इस पर सभी ने सलाह कर शव को छिपाने के लिए रस्सी से उसकी कमर में 80 किलो का पत्थर बांध कर शव कुएं में फेंक दिया। वहीं मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी पुष्पेंद्र कुशवाहा, उसकी पत्नी सुखदेवी तथा उसके दोनों भाइयों बृजेश और सतीश के विरुद्ध हत्या एवं साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

Updated on:
24 Jul 2026 10:36 pm
Published on:
24 Jul 2026 10:36 pm