21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

‘सात दिन से स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे’, टीकमगढ़ में सड़क पर भरे पानी में बैठीं महिलाएं, लगाया जाम

Waterlogged Road Protest: महिलाओं ने सड़क पर भरे पानी में बैठकर रोड पर लगाया जाम, प्रशासन ने जेसीबी से कराई पानी की निकासी, तब खुला जाम।
2 min read
Google source verification
tikamgarh

villagers protest over waterlogged road children unable to reach school, सड़क पर भरे पानी में प्रदर्शन करती महिलाएं (Source- Patrika)

Tikamgarh Waterlogged Road Protest: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले की बैरवार ग्राम पंचायत में बारिश का पानी सड़क पर भर जाने से लोग परेशान थे। पिछले एक सप्ताह से लोग जल निकासी की मांग कर रहे थे, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ऐसे में परेशान ग्रामीणों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। गांव की महिलाओं ने यहां पर सड़क पर घुटनों तक भरे पानी में बैठकर जाम लगा दिया। यह जाम चार घंटे लगा रहा है, ग्रामीणों के प्रदर्शन और जाम की खबर लगते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। रोड पर बैठी महिलाओं को समझाने की कोशिश की।

सड़क बनी तालाब

बैरवार गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कराया गया है। यहां पर पानी निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर लगातार पानी भर रहा था। पिछले एक सप्ताह से भर रहे इस पानी के कारण यह सड़क तालाब में तब्दील हो गई। यहां पर करीब एक किलोमीटर में सड़क पर पानी भर जाने से ग्रामीण परेशान थे। आलम यह था कि अब यह पानी घरों में जाने लगा था। इसकी निकासी के लिए ग्रामीण लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे थे। न तो इस पर ग्रामीण सड़क विभाग के अधिकारी ध्यान दे रहे थे और न ही प्रशासन। मंगलवार को जब गुस्साए ग्रामीणों और महिलाओं ने रोड पर भरे पानी में बैठकर रोड जाम कर दिया तो आनन फानन में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जाम लगाकर बैठीं महिलाओं को समझाने की कोशिश की लेकिन महिलाएं नहीं मानी। इसके बाद अधिकारियों ने जेसीबी बुलाई और रोड पर भरे पानी को निकालने की व्यवस्था की। जब रोड से पानी निकला तब कहीं जाकर महिलाएं मानी और प्रदर्शन खत्म किया।

स्कूल नहीं जा पा रहे थे बच्चे

ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों पर घुटनों तक पानी भरा होने से हर कोई परेशान है, घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बीते सात दिनों से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, गाड़ियां भी बड़ी मुश्किल से निकल रही हैं, कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोग घायल हो चुके हैं लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदारों के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिस सड़क पर पानी भरने के कारण ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया वो सड़क कुंवरपुरा, विक्रमपुरा और घटियाहार को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है।