
Kamal Haasan OnCJP Jantar Mantar Protest: देश भर में जारी NEET परीक्षा विवाद और छात्रों के उग्र प्रदर्शनों के बीच, दिग्गज अभिनेता और तमिलनाडु से राज्यसभा सांसद कमल हासन (Kamal Haasan) ने केंद्र सरकार और मौजूदा शिक्षा प्रणाली पर करारा हमला बोला है। एक्टर ने एक बेहद भावुक और कड़ा संदेश जारी करते हुए आंदोलनकारी छात्रों का पूरा समर्थन किया है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने तक की भावुक अपील की है। कमल हासन का बयान जैसे ही आया सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कमल हासन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देश में मेडिकल अभ्यर्थियों की आत्महत्याओं और गिरते शिक्षा स्तर पर चिंता जताते हुए उन्होंने लिखा, "जब एक बच्चा रोया था, तभी हमें उसकी बात सुन लेनी चाहिए थी। इसके बजाय, हमने तब तक इंतजार किया जब तक हमारे बहुत सारे बच्चे मर नहीं गए। ऐसा सिस्टम जिसमें सीखने की जगह कोचिंग ले ले, जिज्ञासा की जगह चिंता आ जाए और काबिलियत की जगह अपराध की प्रवृत्ति ले ले, वह सिस्टम पूरी तरह से खराब हो चुका है।"
कमल हासन ने आगे कहा, "जब किसी देश में बच्चों को जवाबों के बजाय बैरिकेड्स और लाठियों का सामना करना पड़े, तो वह देश नाकाम हो चुका है। आगे के सफर के लिए देश को आपकी अंतरात्मा की आवाज की जरूरत होगी। कृपया अपना अनशन खत्म करें। भारत के बच्चों से: आप हममें सबसे बेहतर हैं। आपने अपना फर्ज निभाया है। अब देश की बारी है कि वह आपके लिए अपना फर्ज निभाए। आपके सपने हमेशा हमारी नाकामियों से बड़े हों।"
बता दें, NEET पेपर लीक के आरोपों और मानसिक तनाव के कारण छात्रों की आत्महत्याओं के बाद देश भर में गुस्सा भड़क उठा था। छात्र, अभिभावक और नागरिक संगठन जवाबदेही की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हुए हैं। इस आंदोलन में व्यंग्यात्मक नाम 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) भी चर्चा में है, जो चीफ जस्टिस द्वारा कथित तौर पर युवाओं को कहे गए शब्द के विरोध स्वरूप उभरी है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पीड़ित परिवारों को 1 करोड़ का मुआवजा और सोनम वांगचुक की रिहाई शामिल है। 20 जुलाई के 'चलो संसद' मार्च में पुलिस लाठीचार्ज के बाद यह आंदोलन और उग्र हो गया है।
कमल हासन के अलावा सलमान खान, आलिया भट्ट, हुमा कुरैशी, प्रकाश राज, नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी और स्वरा भास्कर जैसी बड़ी हस्तियां भी छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाई है। वहीं, कई सितारे ऐसे भी हैं जो इस आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।