टॉलीवुड

KGF Star Yash: घर से भागा, जेब खाली… फिर भी बन गया मेगास्टार; जानिए कैसे?

KGF Star Yash Birthday: 8 जनवरी को अपना जन्मदिन मना रहे यश की कहानी संघर्ष, साहस और सफलता की मिसाल है। थिएटर से लेकर 'केजीएफ' के रॉकी तक के सफर ने उन्हें पैन-इंडिया स्टार बना दिया।

2 min read
Jan 08, 2026
KGF Star Yash Birthday
यश की संघर्ष की कहानी (इमेज सोर्स: एक्टर इंस्टाग्राम स्क्रीनशॉट)

Pan India Star Yash: साल 2018 में केजीएफ: चैप्टर 1 की रिलीज के बाद अभिनेता यश एक बड़े स्टार के रूप में उभरे, जिन्हें पूरे देश में पसंद किया जाने लगा। इसके बाद 2022 में आई केजीएफ: चैप्टर 2 की ऐतिहासिक सफलता ने उन्हें देशभर में जबरदस्त पहचान दिलाई और वे एक पैन इंडिया सुपरस्टार के रूप में स्थापित हो गए। उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और उनकी फैन फॉलोइंग आसमान छूने लगी, जिससे वे भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शामिल हो गए।

आसान नहीं था यश का जीवन

8 जनवरी को जन्मदिन मना रहे यश की सफलता की कहानी बिल्कुल भी आसान नहीं रही। बचपन से ही उन्हें अभिनय के प्रति गहरा लगाव था और इसी जुनून ने उन्हें ऐसे फैसले लेने के लिए मजबूर किया, जो बेहद मुश्किल थे। अपने सपनों को पूरा करने के लिए यश ने घर तक छोड़ दिया था।

कैसा था यश का बचपन

यश का असली नाम नवीन कुमार गौड़ा है। उनका जन्म 8 जनवरी 1986 को कर्नाटक के हासन जिले के छोटे से गांव भुवनहल्ली में हुआ था। उनके पिता बीएमटीसी में बस ड्राइवर थे, जबकि उनकी मां एक हाउस वाइफ थीं। यश एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते थे और उनके माता-पिता चाहते थे कि उनका बेटा पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी करे। हालांकि, यश का झुकाव अभिनय की ओर था। वे स्कूल के नाटकों और डांस प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।

सपनों को साकार करने के लिए छोड़ा घर

अपने सपनों को साकार करने के लिए यश ने खुद हिम्मत जुटाई और जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लिया। उन्होंने बेंगलुरु जाने का निर्णय किया, उस समय उनके पास सिर्फ 300 रूपये थे। बेंगलुरु पहुंचकर यश ने थिएटर से अपने संघर्ष की शुरुआत की। उन्होंने बैकस्टेज काम किया, रिप्लेसमेंट रोल निभाए और छोटे-छोटे किरदार भी पूरी ईमानदारी और मेहनत से किए।

कन्नड़ सिनेमा में पहला ब्रेक

साल 2008 में यश ने फिल्म ‘मोगिना मनासु’ से कन्नड़ सिनेमा में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड फॉर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने ‘राजधानी’, ‘गजकेसरी’ और ‘मास्टरपीस’ जैसी फिल्मों में काम किया। धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ती चली गई।

केजीएफ ने दिलाया सुपरस्टारडम

साल 2018 में रिलीज हुई ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ ने यश के करियर की दिशा ही बदल दी। फिल्म में उनके द्वारा निभाया गया रॉकी का किरदार दर्शकों के दिलों में बस गया। यह फिल्म सिर्फ हिट नहीं रही, बल्कि एक कल्ट क्लासिक फिल्म बन गई।

इसके बाद आई ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ ने सफलता के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस फिल्म ने 1,100 करोड़ रूपये से ज्यादा की कमाई कर कन्नड़ सिनेमा के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।

पर्सनल लाइफ और समाज सेवा

यश ने लंबे समय तक अपनी को-स्टार राधिका पंडित को डेट करने के बाद साल 2016 में उनसे शादी कर ली। अब यश और राधिका के दो बच्चे हैं आयरा और यथर्व। इसके साथ ही दोनों ने मिलकर ‘यशो मार्ग फाउंडेशन’ की शुरुआत की, जो कर्नाटक के ग्रामीण इलाकों में पानी, शिक्षा और बेसिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम करता है।

यश की आने वाली फिल्में

यश की सबसे मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ है, जो 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी। इस फिल्म में उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया नजर आएंगी। इसके अलावा यश नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में रावण के किरदार में भी दिखाई देंगे, जो 2026 में रिलीज हो सकती है। वहीं, कन्नड़ फिल्में ‘गूगली 2’ और ‘माई नेम इज कीरतक’ भी 2026 में रिलीज के लिए एक्सपेक्टेड हैं।

Published on:
08 Jan 2026 10:47 am