
Rajinikanth Hits Back At Trolls After Controversy: साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियो में हैं। हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म 'धर्मन' के टाइटल लॉन्च इवेंट में उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान उन विवादों पर खुलकर बात की, जो पिछले कुछ समय से चर्चा में हैं। बता दें, रजनीकांत ने बताया कि अब उन्हें सार्वजनिक मंचों पर बोलने से पहले झिझक महसूस होती है, क्योंकि उनके हर बयान पर किसी-न-किसी तरह की प्रतिक्रिया और विवाद खड़ा हो जाता है।
इस इवेंट में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए रजनीकांत ने कहा कि अगर वो कुछ बोलते हैं तो लोग विवाद करते है और चुप रहते हैं तो ताने देते हैं और मजाक भी उड़ाते हैं। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि कभी-कभी लोग पूछते हैं कि वो बोल क्यों नहीं रहे हैं, जैसे उनके मुंह में कुछ रखा हो। इस पर एक्टर रजनीकांत ने बताया कि लंबे अनुभव के बाद उन्होंने ये समझ लिया है कि हर किसी को खुश करना संभव नहीं है।
रजनीकांत का ये बयान ऐसे समय आया है जब कुछ महीने पहले तमिलनाडु के सीएम और एक्टर विजय को लेकर उनके एक बयान ने सोशल मीडिया पर काफी बहस छेड़ दी थी। दरअसल, विजय की चुनावी जीत के बाद ये चर्चा और तेज हो गई थी कि रजनीकांत उनकी कामयाबी से खुश नहीं हैं। इन अफवाहों को खत्म करने के लिए उन्होंने पहले भी मीडिया के सामने सफाई दी थी और कहा था कि उन्होंने विजय को जीत की बधाई दी थी।
इसके साथ ही, रजनीकांत ने ये भी साफ किया था कि उनका राजनीति से कोई सीधा संबंध नहीं है और विजय से उन्हें किसी तरह की जलन नहीं हो सकती। रजनीकांत ने दोनों के बीच उम्र और अनुभव के अंतर का जिक्र करते हुए कहा था कि उनकी तुलना करना उचित नहीं होगा। बता दें, फिल्म 'धर्मन' का टाइटल अनाउंसिंग इवेंट के दौरान जब उनसे ये भी पूछा कि क्या उन्होंने विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं। इस पर रजनीकांत ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट भले ही नहीं किया, लेकिन फोन पर उनसे बातचीत की थी।
रजनीकांत के इस बयान को उनके फैंस काफी सकारात्मक रूप से देख रहे हैं। फिलहाल, रजनीकांत का ये बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और उनके फैंस उनकी अपकमिंग फिल्म 'धर्मन' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।