
Toxic a fairy tale for grown ups: यश की मोस्ट अवेडेट फिल्म 'Toxic: A Fairytale for Grown-Ups' का नया 'Ladies & Ladies' टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा जिस किरदार की हो रही है, वो हैं तारा सुतारिया। हालांकि, टीजर में उनकी मौजूदगी कुछ ही सेकंड की है, लेकिन उनका नया लुक और रहस्यमयी अंदाज दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के लिए काफी साबित हुआ है। बता दें, फैंस अब ये जानने को बेताब हैं कि आखिर फिल्म में तारा का किरदार क्या है और कहानी में उनकी भूमिका कितनी खास होगी।
फिल्म 'Toxic' टीजर में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत के साथ तारा सुतारिया की भी झलक दिखाई गई है। हर महिला किरदार को अलग अंदाज में पेश किया गया है, लेकिन तारा का स्क्रीन प्रेजेंस सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहा है। दरअसल, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का मानना है कि उनका किरदार फिल्म का बड़ा ट्विस्ट साबित हो सकता है। हालांकि मेकर्स ने अभी तक उनके रोल को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है।
बता दें, 1 मिनट 41 सेकंड लंबे इस टीजर में फिल्म की दुनिया को रहस्य, सत्ता, प्यार, धोखे और संघर्ष से भरा हुआ दिखाया गया है। इसके साथ ही, वीडियो की शुरुआत एक चेतावनी से होती है, जिसके बाद कहानी का गंभीर और डार्क माहौल सामने आता है। फिल्म के महिला किरदारों को सिर्फ सजावटी भूमिका में नहीं, बल्कि कहानी को आगे बढ़ाने वाली ताकत के रूप में पेश करने की कोशिश दिखाई देती है।
जहां नयनतारा के कैरेक्टर को बाइक चलाते हुए दिखाया गया है और कियारा आडवाणी के डांस से जुड़े होने के संकेत मिलते हैं, तो वहीं तारा सुतारिया को बेहद स्टाइलिश और रहस्यमयी अंदाज में दिखाया गया है और ऐसा लग रहा है कि वो विलेन की भूमिका में हो सकती है, ये पूरी तरह स्पष्ट नही है।यही वजह है कि फैंस उनके किरदार को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि वो कहानी के सबसे महत्वपूर्ण मोड़ों में से एक से जुड़ी हो सकती हैं।
हालांकि, टीजर पूरा फीमेल्स पर केंद्रित है, लेकिन यश की दमदार मौजूदगी भी लगातार महसूस होती है। उनके एक्शन सीक्वेंस और महिला किरदारों के साथ दिखाई गई टकराहट ये इशारा देती है कि फिल्म में रिश्तों और संघर्षों का बड़ा खेल देखने को मिलेगा।
गीतू मोहनदास के डायरेक्शन में बनी 'Toxic: A Fairytale for Grown-Ups' कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट की गई है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज होगी। अब दर्शकों की सबसे बड़ी उत्सुकता यही है कि क्या तारा सुतारिया का रहस्यमयी किरदार फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज साबित होगा या फिर मेकर्स ने उनके रोल को जानबूझकर रहस्य बनाकर रखा है। इसका जवाब 26 अगस्त 2026 को फिल्म की रिलीज के साथ ही मिलेगा।