
Vishnu Vishal on Rajinikanth and Vijay: तमिल फिल्म इंडस्ट्री के एक्टर विष्णु विशाल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग और फैन वॉर को लेकर चिंता जताई है। अपनी अपकमिंग फिल्म 'गट्टा कुश्ती 2' के प्रमोशन के दौरान दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि सुपरस्टार रजनीकांत जैसे दिग्गज स्टार्स को भी ये सार्वजनिक रूप से कहना पड़ रहा है कि उन्हें विजय से कोई जलन नहीं है।
विष्णु विशाल का मानना था कि ये स्थिति बेहद दुखद और दर्दनाक है। उनके अनुसार, दशकों तक इंडस्ट्री में योगदान देने वाले स्टार्स को भी अब सोशल मीडिया पर लगातार सवालों और आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उन्होंने बताया कि किसी भी एक्टर की उपलब्धियों को नजरअंदाज कर ये कहना कि वो किसी दूसरे स्टार से जलता है, सही नहीं है।
इतना ही नहीं, इंटरव्यू में बातचीत के दौरान विष्णु विशाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट भी पढ़कर सुनाया, जिसमें उन पर हर प्रमोशन के दौरान इमोशनल होने और अपनी फिल्मों की तारीफ करने के आरोप लगाए गए थे। इस पर एक्टर ने कहा कि आलोचना से उन्हें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन बिना किसी की पूरी जर्नी जाने उसके बारे में राय बनाना गलत है। उन्होंने कहा कि फैंस को उन्हें पसंद या नापसंद करने का पूरा हक है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियां दुख पहुंचाती हैं।
विष्णु विशाल ने ये भी कहा कि यूजर वॉर का मतलब ये नहीं है कि स्टार एक-दूसरे के विरोधी हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि इंडस्ट्री में कई स्टार्स के बीच आपसी सम्मान होता है, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके सपोर्टर्स अक्सर अनावश्यक विवाद खड़े कर देते हैं।
हाल ही में सीएम विजय के तमिलनाडु की राजनीति में बढ़ते प्रभाव के बाद रजनीकांत को ये साफ करना पड़ा था कि उन्हें विजय से किसी तरह की ईर्ष्या नहीं है। इसके बाद उनके बयान पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी और बाद में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में रजनीकांत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वो जब भी कुछ बोलते हैं, किसी न किसी तरह विवाद खड़ा हो जाता है, और अगर चुप रहें तो भी लोग सवाल उठाते हैं। इस पर विष्णु विशाल का मानना है कि सोशल मीडिया के इस दौर में स्टार्स के हर बयान को अलग नजरिए से देखा जाता है।