
Bisalpur Dam water level : टोंक। मानसून की सक्रियता के बीच बीसलपुर बांध से राहतभरी खबर है। बांध के जलग्रहण क्षेत्र में देर रात को हुई तेज व रिमझिम बारिश से बांध के जलस्तर में 7 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बांध के सहायक अभियंता दिनेश बैरवा ने बताया कि पिछले 24 घंटे में बांध क्षेत्र में 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जलापूर्ति और वाष्पीकरण के बाद भी बांध के जलस्तर में 7 सेमी की वृद्धि हुई है।
स्काडा कंट्रोल रूम के अनुसार गुरुवार सुबह 6 बजे यह बढ़कर 313.55 आरएल मीटर हो गया तथा जलभराव 25.182 टीएमसी दर्ज किया गया। बीसलपुर परियोजना के अधिशासी अभियंता मनीष बंसल द्वारा जारी मानसून सीजन के पहले आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को बांध में वर्तमान में 25.320 टीएमसी पानी उपलब्ध है। यह बांध की कुल भराव क्षमता का 65.93 प्रतिशत है। इस मानसून सीजन में अब तक कुल 235 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
परियोजना अधिकारियों के अनुसार बीसलपुर बांध में हुई इस बढ़ोतरी से राजधानी जयपुर, अजमेर और टोंक जिलों सहित इनसे जुड़े सैकड़ों गांवों-कस्बों की करीब एक सप्ताह की पेयजल आवश्यकता के बराबर पानी की बढ़ोतरी हुई है। इस मानसून सीजन में अब तक बांध क्षेत्र में कुल 200 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
राजमहल में कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार अल सुबह से दोपहर तक सावन मास की की भांति रिमझिम बारिश हुई। बारिश को लेकर तापमान में गिरावट से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। इसी प्रकार गुरूवार व शुक्रवार को हुई अच्छी बारिश के कारण खेतों में पर्याप्त नमी होने से खरीफ की फसल बुआई को लेकर खेत तैयार होने से खाद-बीज की दुकानों पर किसानों की भीड़ नजर आई। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में खरीफ की फसल के दौरान अधिकांशतर खेतों में ज्वार, बाजरा व मूंग, उड़द आदि की फसलें बोई जाती है।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक टोंक जिले में 7 जुलाई तक मेघगर्जन के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 4 जुलाई को तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। 5 जुलाई को मौसम विभाग ने जिले में अतिभारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 और 7 जुलाई को भी तेज हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।