
Tonk Panchayat Elections : टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों के बीच एक अनूठी और गौरवशाली तस्वीर सामने आई है। जिले में पहली बार एक ही परिवार की मां और बेटी ने अलग-अलग ग्राम पंचायतों से सरपंच पद पर जीत दर्ज कर नया इतिहास रच दिया है। ग्राम पंचायत डारडा तुर्की से मां नन्दू देवी डारडा तथा ग्राम पंचायत छान से उनकी बेटी मनीषा संपत गुर्जर सरपंच निर्वाचित हुई हैं। मां-बेटी की इस दोहरी जीत से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
ग्राम पंचायत छान से मनीषा गुर्जर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 617 वोटों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत हासिल की। वहीं उनकी माता नन्दू देवी ने ग्राम पंचायत डारडा तुर्की से 108 वोटों के अंतर से विजय प्राप्त कर सरपंच पद पर कब्जा जमाया। एक ही परिवार की दो पीढ़ियों का अलग-अलग ग्राम पंचायतों में ग्रामीण नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नन्दू देवी भाजपा नेता गिरिराज गुर्जर की धर्मपत्नी हैं। वे पूर्व में पंचायत समिति सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। नन्दू देवी दसवीं पास हैं, जबकि उनकी बेटी मनीषा गुर्जर बीए उत्तीर्ण हैं। मनीषा के पति सम्पत महुवा भी पूर्व में जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। इस तरह परिवार का लंबे समय से राजनीति और ग्रामीण जनसेवा से जुड़ाव रहा है।
मनीषा गुर्जर का विवाह वर्ष 2015 में ग्राम पंचायत छान के महुवा गांव में हुआ था। विवाह के बाद अब उन्होंने इसी क्षेत्र से सरपंच पद का चुनाव लड़कर 617 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। उनकी इस जीत को क्षेत्र में राजनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मां नन्दू देवी का डारडा तुर्की और बेटी मनीषा गुर्जर का छान ग्राम पंचायत से सरपंच निर्वाचित होना महिला सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक भागीदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल है। एक ओर मां का पूर्व पंचायत समिति सदस्य के रूप में अनुभव है, तो दूसरी ओर बेटी की शिक्षा और नई राजनीतिक शुरुआत ने इस उपलब्धि को और खास बना दिया है।
मां-बेटी की इस दोहरी जीत से दोनों ग्राम पंचायतों सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों और समर्थकों की ओर से दोनों को बधाइयां दी जा रही हैं। एक ही परिवार की दो पीढ़ियां अब दो ग्राम पंचायतों का नेतृत्व करेंगी। मां और बेटी की यह जीत निश्चित रूप से क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय बन गई है।
राजस्थान के टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डारडा तुर्की के सरपंच चुनाव में नन्दू (नन्दू गिरिजा गुर्जर) विजयी हुई हैं। नन्दू को 1,030 वोट मिले और उन्होंने 108 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। नन्दू को 30.28 फीसदी वोट प्राप्त हुए। दूसरे स्थान पर कमला देवी रहीं, जिन्हें 27.1 फीसदी यानि 922 वोट प्राप्त हुए हैं। ग्राम पंचायत डरडा तुर्की के सरपंच पद के लिए आसिफ बानो और रुखसाना ने भी अपना दावा पेश किया था। इन दोनों को कोई वोट नहीं प्राप्त हुआ। वहीं 15 मतदाताओं ने नोटा के तहत अपना वोट दिया। ग्राम पंचायत डरडा तुर्की में कुल मतदाता 3867 हैं। जिसमें 3503 वोट डाले गए। जिसमें 101 वोट को रिजेक्ट किया गया। 3402 वोट वैध घोषित किए गए। सरपंच की यह सीट सामान्य (महिला) के लिए आरक्षित थी। इस सीट पर किसी भी जाति वर्ग की केवल महिलाएं ही चुनाव लड़ सकती हैं।