उदयपुर

उदयपुर: ‘बस थोड़ी देर में घर आ रहा हूं’ मां से आखिरी बात, फिर दोस्त ने नर्सिंग छात्र को चाकू घोंपकर मार डाला

Udaipur Crime: उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में बाइक को धक्का देने की बात पर दोस्तों के बीच हुए विवाद में 23 वर्षीय नर्सिंग छात्र दिनेश मीणा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ललित गमेती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। छात्र बाइक ठीक कराने बाजार गया था।
2 min read
Jul 10, 2026
Udaipur Nursing Student Murder
मृतक दिनेश मीणा और आरोपी ललित गमेती (पत्रिका फोटो)

Udaipur Nursing Student Murder: उदयपुर जिले में सवीना थाना क्षेत्र के सेक्टर-14 में एक हैरान करने वाला और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां मात्र बाइक को धक्का देने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में एक दोस्त ने अपने ही साथी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सवीनाखेड़ा निवासी दिनेश मीणा (23) के रूप में हुई है, जो डाकन कोटड़ा स्थित वागड नर्सिंग कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दोस्त ललित गमेती को गिरफ्तार कर लिया है।

मामूली सी बात और खूनी अंजाम

थानाधिकारी गजवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि दिनेश मीणा अपने दोस्त ललित गमेती और एक अन्य साथी के साथ बाइक ठीक कराने के लिए बाजार निकला था। रास्ते में बाइक बंद होने या उसे धक्का देने की बात को लेकर दिनेश और ललित के बीच अचानक कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ललित ने तैश में आकर अपने पास रखे चाकू से दिनेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद तीसरे दोस्त ने लहूलुहान दिनेश को तुरंत गंभीर हालत में महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां से कहा था- बस थोड़ी देर में घर आ रहा हूं

मृतक के पिता दोलाराम मीणा ने बताया कि दिनेश बुधवार शाम करीब 6 बजे घर से बाइक ठीक कराने की बात कहकर निकला था। रात करीब 9 बजे उसकी मां से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें दिनेश ने कहा था कि वह कुछ ही देर में घर लौट रहा है। लेकिन परिजनों को क्या पता था कि यह उसकी आखिरी कॉल थी। रात 11:45 बजे परिवार को सीधे अस्पताल से दिनेश की मौत की खबर मिली, जिससे घर में कोहराम मच गया।

परिजनों का फूटा आक्रोश

दिनेश की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और समाज के लोग एमबी अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचे। इकलौते और होनहार बेटे की इस तरह अचानक हुई हत्या से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में गहरा आक्रोश जताया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और गिरफ्तार आरोपी ललित गमेती से वारदात के कारणों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

Updated on:
10 Jul 2026 05:16 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:16 pm